महिला ट्रेनी अफसर की शिकायत पर FIR दर्ज

  • छेड़छाड़, मारपीट और वीडियो रिकॉर्ड करने का आरोप
  • पुलिस जांच में जुटी, अकादमी ने शुरू की आंतरिक जांच

हैदराबाद। तेलंगाना के हैदराबाद स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल नेशनल पुलिस एकेडमी (SVPNPA) में एक ट्रेनी IPS अधिकारी के खिलाफ महिला ट्रेनी अधिकारी की शिकायत पर गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने उसके साथ छेड़छाड़, मारपीट, धमकी और ब्लैकमेलिंग की। शिकायत मिलने के बाद अत्तापुर पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।

अश्लील संदेश और बदनाम करने का आरोप

FIR के अनुसार, महिला अधिकारी ने आरोप लगाया कि आरोपी 23 जून से लगातार उसे व्हाट्सएप पर अश्लील संदेश भेज रहा था। साथ ही वह अन्य ट्रेनी अधिकारियों के सामने उसके बारे में अपमानजनक टिप्पणियां करता था और झूठे आरोप लगाकर उसकी छवि खराब करने की कोशिश करता रहा।

मोबाइल छीनने और धमकाने का आरोप

शिकायत में कहा गया है कि 8 जुलाई को आरोपी ने महिला का मोबाइल फोन छीन लिया और उसे अपने कमरे में ले जाकर पासवर्ड बताने के लिए धमकाया। इसके बाद उसने कथित तौर पर महिला के निजी चैट और व्यक्तिगत जानकारी देखने की कोशिश की।

मारपीट, चाकू दिखाने और वीडियो रिकॉर्ड करने का आरोप

महिला अधिकारी का आरोप है कि 9 जुलाई को आरोपी ने उसके साथ मारपीट की, बाल खींचे, गला दबाने की कोशिश की और चाकू दिखाकर धमकाया। अगले दिन उसने कथित तौर पर बिना सहमति के महिला का वीडियो रिकॉर्ड किया और उसे उसके पति को भेजकर ब्लैकमेल करने का प्रयास किया।

गंभीर धाराओं में केस, अकादमी की भी जांच

महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की यौन उत्पीड़न, स्टॉकिंग, आपराधिक धमकी, मारपीट, महिला की गरिमा का अपमान, गलत तरीके से बंधक बनाने और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। मामले की जांच के साथ ही SVPNPA ने भी आंतरिक जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button