हिमाचल में 6 दिन भारी बारिश का अलर्ट

चंबा, मंडी और कांगड़ा में ऑरेंज अलर्ट जारी

  • कई जिलों में फ्लैश फ्लड का खतरा
  • 4 अगस्त तक बारिश जारी रहने का अनुमान
  • शिमला में लैंडस्लाइड से वाहन क्षतिग्रस्त

शिमला। हिमाचल प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग (IMD) ने अगले छह दिनों तक प्रदेश के कई जिलों में बारिश का पूर्वानुमान जताया है। अगले 48 घंटे के दौरान चंबा, मंडी और कांगड़ा में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी देते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और नदी-नालों व भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।

चंबा, मंडी और कांगड़ा में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को चंबा, मंडी और कांगड़ा जिले में भारी बारिश की संभावना है। वहीं कुल्लू, शिमला, सिरमौर और किन्नौर में यलो अलर्ट जारी किया गया है। 31 जुलाई को भी चंबा और कांगड़ा में ऑरेंज अलर्ट रहेगा, जबकि कुल्लू, मंडी, शिमला, किन्नौर और लाहौल-स्पीति में यलो अलर्ट लागू रहेगा।

फ्लैश फ्लड और भूस्खलन का खतरा

ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में अचानक बाढ़ (फ्लैश फ्लड) और भूस्खलन की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने की सलाह दी है।

4 अगस्त तक जारी रह सकता है बारिश का दौर

मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में 4 अगस्त तक बारिश से राहत मिलने की संभावना कम है। हालांकि 1 से 4 अगस्त के बीच किसी भी जिले में रेड या ऑरेंज अलर्ट नहीं रहेगा और केवल यलो अलर्ट प्रभावी रहेगा।

शिमला में लैंडस्लाइड से वाहन क्षतिग्रस्त

बुधवार शाम शिमला के ढली क्षेत्र में पहाड़ी से भूस्खलन हो गया। मलबे की चपेट में आने से एक वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

तापमान में आएगी गिरावट

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई, लेकिन अगले छह दिनों तक लगातार बारिश के कारण अधिकतम तापमान में गिरावट आने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button