- FSSAI ने डाबर के कई उत्पादों की बिक्री पर रोक लगाई
- ‘100% शुद्ध’ और ‘100% नेचुरल’ जैसे दावों पर आपत्ति
- कंपनी से 15 दिनों के भीतर जवाब मांगा गया
नई दिल्ली। फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड अथॉरिटी ऑफ इंडिया (FSSAI) ने डाबर के कई खाद्य उत्पादों की बिक्री पर रोक लगा दी है। इनमें शहद, गाय का घी और अन्य उत्पाद शामिल हैं, जिन्हें ‘100% शुद्ध’ जैसे दावों के साथ बेचा जा रहा था। FSSAI ने इन दावों को भ्रामक बताते हुए कंपनी से 15 दिनों के भीतर जवाब मांगा है।
FSSAI के अनुसार, कंपनी की वेबसाइट पर ‘100% नेचुरल’, ‘100% प्योर’, ‘100% प्योरिटी गारंटेड’, ‘100% ऑर्गेनिक’ और ‘100% टेंडर कोकोनट वॉटर’ जैसे दावे किए जा रहे थे, जो FSS विनियम, 2018 का उल्लंघन हैं। प्राधिकरण का कहना है कि ऐसे दावे उपभोक्ताओं को गुमराह कर सकते हैं।
जांच में यह भी पाया गया कि कुछ उत्पादों पर बिना वैध FSSAI ऑर्गेनिक प्रमाणन के ‘जैविक भारत’ लोगो का इस्तेमाल किया गया। वहीं, डाबर होममेड कोकोनट मिल्क जैसे कंपाउंड फूड्स पर भी ‘100% Purity’ का दावा किया गया, जिसकी नियमों के तहत अनुमति नहीं है।









