- 63% टॉप अधिकारी पूरी तरह नई भूमिका तलाश रहे
- 41% का मानना- एक साल से ज्यादा मौजूदा पद पर नहीं टिकेंगे
- 75% एग्जीक्यूटिव्स रोजाना काम में AI का कर रहे इस्तेमाल
मुंबई। भारत के कॉरपोरेट सेक्टर में सीनियर लीडरशिप के बीच नौकरी बदलने और करिअर में बदलाव का रुझान तेजी से बढ़ रहा है। एक नई रिपोर्ट के मुताबिक, देश के 94% सीनियर एग्जीक्यूटिव्स नई नौकरी तलाशने और अपने करिअर में बदलाव के लिए तैयार हैं। अधिकारी अब तेज करिअर ग्रोथ, बड़ी जिम्मेदारियां और कंपनी में अपनी मजबूत भूमिका चाहते हैं।
63% अधिकारी सक्रिय रूप से तलाश रहे नई भूमिका
एग्जीक्यूटिव सर्च कंपनी पेज एग्जीक्यूटिव इंडिया की ‘एग्जीक्यूटिव कम्पनसेशन एंड टैलेंट ट्रेंड्स रिपोर्ट’ में यह जानकारी सामने आई है। 1,200 से ज्यादा सी-लेवल अधिकारियों और टॉप लीडर्स पर किए गए अध्ययन के अनुसार, 63% अधिकारी सक्रिय रूप से नई भूमिका की तलाश कर रहे हैं।
वहीं 41% एग्जीक्यूटिव्स का मानना है कि वे अपने मौजूदा पद पर एक साल से ज्यादा समय तक नहीं रहेंगे। इससे कंपनियों के सामने सीनियर टैलेंट को बनाए रखने की चुनौती बढ़ गई है।
कंपनियों के सामने टैलेंट को रोकने की चुनौती
पेज एग्जीक्यूटिव इंडिया के मैनेजिंग पार्टनर जॉन गोल्डस्टीन के मुताबिक, भारतीय बाजार में योग्य प्रतिभाओं की कमी नहीं है। बड़ी चुनौती यह है कि कंपनियां इस टैलेंट को कितनी तेजी से विकसित और अपने साथ बनाए रख पाती हैं।
आज के सीनियर लीडर्स सिर्फ पद या वेतन नहीं, बल्कि तेज प्रगति, बड़े प्रभाव और अपने प्रदर्शन के अनुरूप पुरस्कार चाहते हैं। यही वजह है कि कंपनियों के लिए अच्छे अधिकारियों को लंबे समय तक रोकना मुश्किल होता जा रहा है।









