- 15 सितंबर को सोना ₹888 और चांदी ₹1,270 सस्ती हुई
- 15 दिन में चांदी करीब ₹10 हजार और सोना ₹5 हजार गिरा
- इस साल अब तक सोना ₹18 हजार महंगा, चांदी मामूली सस्ती
नई दिल्ली। सोने-चांदी की कीमतों में आज यानी 15 सितंबर को फिर गिरावट देखने को मिली। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक एक किलो चांदी की कीमत ₹1,270 घटकर करीब ₹2.28 लाख पर आ गई है। वहीं 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का भाव ₹888 कम होकर करीब ₹1.51 लाख रह गया है।
पिछले 15 दिनों में दोनों कीमती धातुओं के दाम में अच्छी-खासी गिरावट आई है। 31 अगस्त को सोना करीब ₹1.56 लाख प्रति 10 ग्राम और चांदी करीब ₹2.37 लाख प्रति किलो थी। इसके मुकाबले अब सोना करीब ₹5 हजार और चांदी करीब ₹10 हजार सस्ती हो गई है।
इस साल सोना ₹18 हजार महंगा
2026 में सोने की कीमत में कुल मिलाकर बढ़ोतरी हुई है। 31 दिसंबर 2025 को 10 ग्राम सोना करीब ₹1.33 लाख पर था, जो अब बढ़कर करीब ₹1.51 लाख हो गया है। यानी इस साल अब तक सोने की कीमत में करीब ₹18 हजार की बढ़ोतरी हुई है।
वहीं चांदी का भाव 31 दिसंबर 2025 को करीब ₹2.30 लाख प्रति किलो था, जो अब घटकर करीब ₹2.28 लाख पर आ गया है।
जनवरी में बना था ऑलटाइम हाई
इस साल की शुरुआत में सोने और चांदी दोनों ने रिकॉर्ड स्तर छुआ था। 29 जनवरी को सोने की कीमत करीब ₹1.76 लाख प्रति 10 ग्राम और चांदी करीब ₹3.86 लाख प्रति किलो के ऑलटाइम हाई पर पहुंच गई थी।
इसके बाद दोनों कीमती धातुओं में उतार-चढ़ाव जारी है। मौजूदा भाव जनवरी के रिकॉर्ड स्तर से काफी नीचे हैं।









