जंतर-मंतर पर आतंकी हमले की ISI की साजिश नाकाम

पंजाब पुलिस ने 4 नाबालिग समेत 9 आरोपी दबोचे

अमृतस​र। पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI की ओर से दिल्ली के जंतर-मंतर पर आतंकी हमले की कथित साजिश का पंजाब पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में चार नाबालिगों समेत कुल नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही सीमा पार संचालित दो आतंकी मॉड्यूल का भी भंडाफोड़ किया गया है।

पुलिस के अनुसार, जिस समय जंतर-मंतर पर छात्रों का विरोध प्रदर्शन चल रहा था, उसी दौरान आरोपी ट्रेन से दिल्ली पहुंचे थे। पाकिस्तान में बैठे हैंडलरों के निर्देश पर उन्हें पेट्रोल बम उपलब्ध कराए गए थे। हालांकि, जंतर-मंतर पर दिल्ली पुलिस और RAF की भारी तैनाती के चलते वे अपनी साजिश को अंजाम नहीं दे सके।

अमृतसर पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि आरोपियों की योजना जंतर-मंतर पर विस्फोट करने की थी। जांच में सामने आया कि पाकिस्तान स्थित हैंडलरों ने उन्हें आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई थी, लेकिन कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के कारण हमला नहीं हो सका।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन अवैध पिस्तौल, जिंदा कारतूस, चार पेट्रोल बम, गुप्त निगरानी के लिए लगाए गए सीसीटीवी कैमरे और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

जांच में यह भी पता चला कि गिरोह का पहला मॉड्यूल अमृतसर रेलवे ट्रैक के पास गुप्त सीसीटीवी कैमरे लगाकर संवेदनशील स्थानों की लाइव फुटेज पाकिस्तान में बैठे ISI हैंडलरों तक भेज रहा था। इसका उद्देश्य सुरक्षा प्रतिष्ठानों की रेकी कर महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाना था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button