बैंकॉक। थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के पास स्थित एक हाई स्कूल में शुक्रवार को 9वीं कक्षा के एक छात्र ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस हमले में तीन शिक्षकों और तीन छात्रों समेत छह लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 अन्य घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, घटना नोंथाबुरी प्रांत के डेबसिरिन नोंथाबुरी स्कूल में हुई। शुरुआती जांच में सामने आया कि स्कूल पहुंचने से पहले आरोपी छात्र ने अपने घर में दादा-दादी की हत्या कर दी थी। बाद में पुलिस ने दोनों के शव घर से बरामद किए।
जांच में यह भी पता चला कि फायरिंग में इस्तेमाल की गई 9 एमएम पिस्टल छात्र के दादा की थी, जो पेशे से शिक्षक थे। वारदात के बाद आरोपी छात्र भी गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने बताया कि हमले के पीछे की वजह की जांच की जा रही है। थाईलैंड के प्रधानमंत्री ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए घायलों के बेहतर इलाज और पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गोलियों की आवाज सुनते ही छात्र अपनी जान बचाने के लिए कक्षाओं में छिप गए। कुछ देर बाद पुलिस ने दरवाजे खटखटाकर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला। घटना के बाद पूरे स्कूल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल रहा।









