ग्वालियर में श्रद्धालुओं को ट्रक ने कुचला, 15 की मौत; 26 घायल

शीतला माता मंदिर के बाहर दर्शन के लिए लाइन में लगे थे श्रद्धालु, बेकाबू ट्रक दीवार और गेट से टकराया; सीएसपी हटाए गए, आठ पुलिसकर्मी-अधिकारी सस्पेंड

ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शनिवार देर रात शीतला माता मंदिर के पास दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। चीनौर रोड पर तेज रफ्तार ट्रक ने दर्शन के लिए सड़क किनारे लाइन में लगे श्रद्धालुओं को कुचल दिया। हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो पुलिसकर्मियों समेत 26 लोग घायल हुए हैं। घटना के बाद घायलों को जयारोग्य अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे को लेकर मृतकों के परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।

ढलान पर बेकाबू हुआ धान से भरा ट्रक

हादसा देर रात करीब 1:30 बजे चीनौर रोड पर ढलान के पास हुआ। श्रद्धालु शीतला माता मंदिर में दर्शन के लिए सड़क किनारे कतार में खड़े थे। इसी दौरान चीनौर की ओर से धान से भरा ट्रक आया। बताया गया है कि करीब 90 डिग्री के ढलान पर ट्रक बेकाबू हो गया और लोगों को रौंदता हुआ आगे बढ़ा।

पुलिस चेकपोस्ट तोड़कर मंदिर की दीवार से टकराया

जानकारी के मुताबिक, ट्रक पुलिस चेकपोस्ट तोड़ते हुए श्रद्धालुओं को कुचल गया और मंदिर की बाहरी दीवार व गेट से जा टकराया। टक्कर इतनी तेज थी कि मंदिर की दीवार ढह गई। कई लोग मलबे में दब गए। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया।

गूगल मैप से रास्ता खोज रहा था ड्राइवर

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ट्रक चालक गूगल मैप की मदद से रास्ता तय कर रहा था। चालक ने पुलिस को बताया कि ट्रक के ब्रेक फेल हो गए थे। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस ने ट्रक चालक और मालिक को गिरफ्तार कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button