अंबेडकरनगर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के लिए गुरुवार को जिले में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा दोपहर चार बजे कलेक्ट्रेट परिसर से शुरू होकर शिवबाबा धाम तक जाएगी। इसमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, युवाओं और आम नागरिकों की सहभागिता रहेगी।
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ जनप्रतिनिधियों द्वारा किया जाएगा। यात्रा के दौरान राष्ट्रीय ध्वज के साथ लोगों को देश की एकता, अखंडता और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया जाएगा। प्रशासन ने अधिक से अधिक लोगों से यात्रा में शामिल होने की अपील की है।
शिवबाबा धाम में तिरंगा कंसर्ट और वंदेमातरम
कलेक्ट्रेट से रवाना होने के बाद यात्रा शिवबाबा धाम पहुंचेगी। यहां तिरंगा कंसर्ट का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में वंदेमातरम का गायन होगा। इसके साथ ही विभाजन की विभीषिका से जुड़े घटनाक्रम को प्रदर्शित करने के लिए प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
कार्यक्रम के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम, राष्ट्रीय एकता और देश के प्रति नागरिक जिम्मेदारी का संदेश देने का प्रयास किया जाएगा।
‘हर घर तिरंगा-हर दिल तिरंगा’ का संदेश
जिला प्रशासन के अनुसार कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को मजबूत करना है। साथ ही ‘हर घर तिरंगा-हर दिल तिरंगा’ की भावना को जन-जन तक पहुंचाना है।
जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने जिलेवासियों से तिरंगा यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सहभागिता से राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति की भावना को और मजबूती मिलेगी।









