गोलपुर की जर्जर पुलिया बनी राह की बाधा, गड्ढों में भर रहा पानी

बरियावन-किछौछा मार्ग पर जगह-जगह गहरे गड्ढे, बारिश में बढ़ जाती है परेशानी; ग्रामीणों ने मरम्मत की मांग उठाई

अंबेडकरनगर। जलालपुर क्षेत्र में गोलपुर बाजार के पास बरियावन-किछौछा मार्ग पर बनी जर्जर पुलिया राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बनी है। पुलिया से रोजाना बड़ी संख्या में लोग गुजरते हैं। इसमें स्कूली बच्चे, पैदल राहगीर और वाहन चालक शामिल हैं।

पुलिया पर जगह-जगह करीब एक फीट तक गहरे गड्ढे हो गए हैं। बारिश के बाद इनमें पानी भर जाता है। इससे गड्ढों की गहराई दिखाई नहीं देती। पुलिया पर कीचड़ और जलभराव के कारण दोपहिया वाहन चालकों को अधिक परेशानी होती है। वाहन असंतुलित होने का खतरा बना रहता है।

बारिश में बढ़ जाती है समस्या

स्थानीय व्यापारियों और ग्रामीणों का कहना है कि पुलिया लंबे समय से खराब है। बरसात में स्थिति और बिगड़ जाती है। गोलपुर बाजार आने-जाने वाले लोगों के साथ आसपास के गांवों के लोग भी इसी मार्ग का इस्तेमाल करते हैं।

समाजसेवी अनिल सिंह, व्यापारी अलीम खान, दिलीप, दिनेश राजभर, अंबिका यादव, सदाशिव वर्मा, लल्लन वर्मा, वेद प्रकाश मिश्रा, अवधेश पांडेय, महेंद्र वर्मा, श्याम पांडेय, मनमोहन मिश्रा और संग्राम राजभर समेत अन्य लोगों ने पुलिया की हालत सुधारने की मांग की।

गड्ढे भरने और जलनिकासी की मांग

ग्रामीणों और व्यापारियों ने संबंधित विभाग से पुलिया की मरम्मत कराने, गड्ढों को भरवाने और जलभराव की समस्या दूर करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि पुलिया की खराब हालत को देखते हुए समय रहते मरम्मत जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button