अब रफ्तार पर पुलिस की पैनी नजर, सड़कों पर उतरीं दो इंटरसेप्टर बाइक

ओवरस्पीडिंग और खतरनाक ड्राइविंग पर होगी तकनीकी निगरानी, एसपी प्राची सिंह ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

अंबेडकरनगर। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रभावी पालन के लिए अम्बेडकरनगर पुलिस ने नई पहल की है। पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने पुलिस कार्यालय परिसर से दो इंटरसेप्टर बाइक को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन बाइकों के जरिए प्रमुख मार्गों और हाईवे पर यातायात नियमों के उल्लंघन की निगरानी की जाएगी।
हाईवे पर ओवरस्पीडिंग की होगी निगरानी
इंटरसेप्टर बाइक के जरिए विशेष रूप से तेज रफ्तार, खतरनाक तरीके से वाहन चलाने और लापरवाही से ड्राइविंग करने वाले वाहन चालकों पर नजर रखी जाएगी। तकनीकी संसाधनों की मदद से यातायात नियमों के उल्लंघन की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के अनुसार, इन बाइकों के सड़क पर सक्रिय रहने से यातायात प्रवर्तन व्यवस्था को अधिक गतिशील बनाने में मदद मिलेगी। प्रमुख मार्गों के साथ हाईवे पर भी निगरानी बढ़ाई जाएगी।
एसपी ने दिए प्रभावी इस्तेमाल के निर्देश
बाइकों को रवाना करते समय पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि इंटरसेप्टर बाइक का अधिकतम उपयोग सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के अनुपालन के लिए किया जाए। उन्होंने कहा कि तकनीक का इस्तेमाल करते हुए सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने पर जोर दिया जाए।
उन्होंने कहा, “इंटरसेप्टर बाइक के माध्यम से यातायात नियमों के उल्लंघन पर प्रभावी निगरानी होगी। हमारा उद्देश्य तकनीक का इस्तेमाल बढ़ाकर सड़क पर अनुशासन सुनिश्चित करना और आमजन के लिए सुरक्षित यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराना है।”
इस अवसर पर यातायात क्षेत्राधिकारी जितेंद्र कुमार सिंह ने पुलिस अधीक्षक का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। यातायात उपनिरीक्षक जय बहादुर यादव ने भी पुष्पगुच्छ भेंट किया। पुलिस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की मौजूदगी में दोनों इंटरसेप्टर बाइक को रवाना किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button