अंबेडकरनगर। नाग पंचमी पर शिवालयों में जलाभिषेक के लिए बुधवार को जिले के अलग-अलग हिस्सों से कांवड़ियों के जत्थे अयोध्या के लिए रवाना हुए। डीजे पर गूंजते शिवभक्ति गीतों के बीच कांवड़िये ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष करते हुए आगे बढ़े। कांवड़ मार्ग पर जगह-जगह स्थानीय लोगों, समाजसेवियों और जनप्रतिनिधियों ने पुष्पवर्षा कर जत्थों का स्वागत किया।
अशरफपुर किछौछा नगर पंचायत क्षेत्र में नगर पंचायत अध्यक्ष ओमकार गुप्ता के निर्देश पर वरिष्ठ समाजसेवी एवं पत्रकार हरिओम गुप्ता और कोर कमेटी के सदस्यों ने कांवड़ियों का स्वागत किया। शिवभक्तों पर पुष्पवर्षा की गई और माला व अंगवस्त्र पहनाकर उनका अभिनंदन किया गया। नगर पंचायत कार्यालय के सामने कांवड़ियों के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई।
नगर पंचायत अध्यक्ष ओमकार गुप्ता ने बताया कि कांवड़ यात्रा आस्था और शिवभक्ति से जुड़ी है। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नगर पंचायत स्तर पर स्वागत, जलपान और साफ-सफाई की व्यवस्था की गई है।
इन रास्तों से निकले जत्थे
रुस्तमपुर, भोजपुर, गोविंद साहब, भिदूण, किछौछा, रामडीह सराय, शुकुल बाजार, कटारगढ़, नाऊनगर, अछती और मकोइया समेत कई क्षेत्रों से कांवड़ियों के जत्थे अयोध्या की ओर रवाना हुए। जगह-जगह शिवभक्ति गीतों और जयघोष से माहौल भक्तिमय रहा। स्थानीय लोगों ने मार्ग में कांवड़ियों के लिए जलपान की व्यवस्था भी की।
सरयू जल लेकर लौटेंगे, नाग पंचमी पर होगा जलाभिषेक
कांवड़िये अयोध्या पहुंचकर सरयू नदी से जल लेकर पैदल वापस लौटेंगे। करीब चार दिन की यात्रा पूरी करने के बाद नाग पंचमी से एक दिन पहले जत्थों के अपने गांवों की सीमा में पहुंचने का कार्यक्रम है। नाग पंचमी के दिन सरयू जल से क्षेत्र के विभिन्न शिवालयों में जलाभिषेक किया जाएगा।









