नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ विवाद में यूट्यूबर और कॉमेडियन समय रैना समेत पांच कॉमेडियन के खिलाफ दर्ज केस को रद्द कर दिया है। इन सभी पर शो के दौरान एक दिव्यांग बच्चे को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप था।
इन पांचों को मिली राहत
समय रैना के अलावा विपुल गोयल, बलराज परमजीत सिंह घई, सोनाली ठक्कर उर्फ सोनाली आदित्य देसाई और निशांत जगदीश तंवर को भी मामले में राहत मिली है।
सुप्रीम कोर्ट ने की प्रयासों की सराहना
मामले की सुनवाई CJI सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ ने की। कोर्ट ने इन पांचों की ओर से दिव्यांग लोगों के लिए जागरूकता बढ़ाने और फंड जुटाने के लिए किए गए प्रयासों की सराहना की।
सकारात्मक दिशा में ऊर्जा लगाने की बात
कोर्ट ने कहा कि ये सभी युवा और प्रतिभाशाली हैं। अगर उन्होंने अपनी ऊर्जा सकारात्मक दिशा में लगाई है तो इसके अच्छे परिणाम सामने आ सकते हैं। कोर्ट ने मामले में आरोपों से जुड़े केस को रद्द करने का फैसला सुनाया।
दिव्यांगों की गरिमा पर सुनवाई जारी रहेगी
हालांकि, सुप्रीम कोर्ट दिव्यांग लोगों से जुड़े व्यापक मुद्दे पर सुनवाई जारी रखेगा। कोर्ट यह विचार करेगा कि ऑनलाइन और मनोरंजन से जुड़े कंटेंट में दिव्यांग लोगों के सम्मान और गरिमा की रक्षा के लिए किस तरह के नियम या दिशा-निर्देश बनाए जा सकते हैं।









