बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान और उनकी पार्टनर गौरी स्प्रैट अब कानूनी रूप से पति-पत्नी बन गए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दोनों ने रविवार दोपहर मुंबई के बांद्रा स्थित पाली हिल में आमिर खान के घर पर शादी के दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कर स्पेशल मैरिज एक्ट के तहत अपनी शादी का पंजीकरण कराया।
यह समारोह पूरी तरह निजी रखा गया, जिसमें दोनों परिवारों के सदस्य और कुछ करीबी दोस्त ही शामिल हुए। शादी के बाद मेहमानों के लिए लंच का आयोजन भी किया गया। भारी बारिश के बावजूद उद्योगपति मुकेश अंबानी और उनके परिवार ने भी समारोह में शिरकत की।
आमिर खान ने वर्ष 2025 में अपने 60वें जन्मदिन के अवसर पर गौरी स्प्रैट के साथ अपने रिश्ते को सार्वजनिक किया था। गौरी बेंगलुरु की रहने वाली सैलून एंटरप्रेन्योर और फैशन प्रोफेशनल हैं। उनके पिता तमिल-ब्रिटिश मूल के हैं, जबकि उनकी मां पंजाबी-आयरिश मूल की हैं। गौरी, भारत के स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े ब्रिटिश कम्युनिस्ट फिलिप स्प्रैट की पोती हैं।
गौरी की तरह आमिर खान भी पहले शादीशुदा रह चुके हैं। गौरी का एक सात साल का बच्चा है, जो पिछले दो वर्षों से उनके साथ मुंबई में रह रहा है।
बताया जाता है कि आमिर और गौरी पिछले 25 वर्षों से एक-दूसरे को जानते हैं। दोनों की दोस्ती समय के साथ रिश्ते में बदली और बाद में उन्होंने अपने संबंध को सार्वजनिक किया। इसके बाद से गौरी कई सार्वजनिक कार्यक्रमों और आयोजनों में आमिर खान के साथ नजर आती रही हैं।









