लखनऊ में पेंट फैक्ट्री में भीषण आग, 8 दमकल गाड़ियों ने पाया काबू

पेट्रोल-केरोसिन के कंटेनरों के बीच लगी आग, डेढ़ घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन

  • तालकटोरा इंडस्ट्रियल एरिया की ईगल पेंट फैक्ट्री में आग
  • पेट्रोल, केरोसिन और पेंट के कंटेनर बने बड़ा खतरा
  • आठ फायर टैंकरों ने संभाला मोर्चा

लखनऊ। आलमबाग थाना क्षेत्र के तालकटोरा इंडस्ट्रियल एरिया स्थित ईगल पेंट फैक्ट्री में शनिवार देर रात भीषण आग लग गई। आग की ऊंची लपटों और घने धुएं से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। फैक्ट्री के पास पेट्रोल, केरोसिन और पेंट से भरे कंटेनर रखे होने के कारण दमकल टीम के सामने बड़ा खतरा था।

कंटेनरों को ठंडा रखने में जुटी दमकल टीम

फायर स्टेशन आलमबाग को रात करीब 10:32 बजे आग लगने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने सबसे पहले फैक्ट्री के आसपास रखे पेट्रोल, केरोसिन और पेंट के कंटेनरों को सुरक्षित करने का प्रयास किया।

दमकलकर्मियों ने कंटेनरों पर लगातार पानी की बौछार कर उन्हें ठंडा रखा, ताकि आग की गर्मी से उनमें कोई बड़ा हादसा न हो। इसके साथ ही आग को चारों ओर से घेरकर बुझाने का अभियान शुरू किया गया।

पड़ोसी फैक्ट्री की छत से फोम की बौछार

आग पर काबू पाने के लिए दमकलकर्मी बगल की फैक्ट्री की छत पर भी पहुंचे। वहां से आग के मुख्य हिस्से पर फोम का इस्तेमाल किया गया। नीचे से पानी और ऊपर से फोम की बौछार कर आग को नियंत्रित करने की कोशिश की गई।

आठ फायर टैंकरों ने संभाला मोर्चा

आग की गंभीरता को देखते हुए आलमबाग के अलावा सरोजनीनगर, पीजीआई, चौक और हजरतगंज फायर स्टेशनों से दमकल की गाड़ियां बुलाई गईं। कुल आठ फायर टैंकरों की मदद से आग बुझाने का अभियान चलाया गया।

चौक फायर स्टेशन से प्रभारी अग्निशमन अधिकारी पुष्पेंद्र यादव के नेतृत्व में टीम ने भी मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला।

बीए सेट पहनकर बेसमेंट में उतरे दमकलकर्मी

फैक्ट्री के अंदर धुआं भरने और तापमान बढ़ने के बावजूद दमकलकर्मी बीए सेट पहनकर बेसमेंट में दाखिल हुए। टीम ने आग के मुख्य स्रोत का पता लगाकर वहां पानी और फोम की बौछार की।

बाहर से लगातार पानी और अंदर से की गई फायर फाइटिंग के बाद आग की लपटें कमजोर पड़ने लगीं। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button