अंबेडकरनगर। जहांगीरगंज थाना क्षेत्र के धर्मपुर करमैतेपुर गांव में गुरुवार सुबह बिजली के करंट की चपेट में आने से 28 वर्षीय रामरतन कनौजिया की मौत हो गई। घर में पंखे का तार बिजली बोर्ड में लगाते समय उनकी मां ज्ञानमती को करंट लग गया था। मां को बचाने के लिए रामरतन तुरंत दौड़े। मां को तो बचा लिया, लेकिन खुद करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
धर्मपुर करमैतेपुर निवासी रामरतन कनौजिया गुरुवार सुबह घर में खाना खा रहे थे। इसी दौरान उनकी मां ज्ञानमती पंखे का तार बिजली के बोर्ड में लगा रही थीं।
तार लगाते समय अचानक उन्हें तेज करंट लगा। वह इसकी चपेट में आ गईं। मां को करंट लगता देख रामरतन उन्हें बचाने के लिए दौड़ पड़े।
मां को बचाया, खुद नहीं बच सके
रामरतन ने अपनी मां को करंट से अलग कर दिया। हालांकि, इसी दौरान वह स्वयं बिजली की चपेट में आ गए। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गए।
हादसे के बाद घर में चीख-पुकार मच गई। परिजन उन्हें तत्काल चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे। जांच के बाद चिकित्सक ने रामरतन को मृत घोषित कर दिया।
नौ भाइयों में सबसे छोटे थे रामरतन
परिजनों के अनुसार, रामरतन नौ भाइयों में सबसे छोटे थे और उनकी शादी नहीं हुई थी। अचानक हुए हादसे से परिवार में शोक का माहौल है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जानकारी ली। जहांगीरगंज थानाध्यक्ष रितेश पांडेय ने बताया कि घटना के संबंध में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।









