- 4 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए रोक
- दो दवा घटकों वाले FDC पर फैसला
- पैकेट पर चेतावनी लिखना अनिवार्य
- विशेषज्ञ समिति की सिफारिश पर कार्रवाई
नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने चार साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सर्दी-जुकाम की कुछ दवाओं के इस्तेमाल को लेकर बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने क्लोरफेनिरामाइन मैलेट और फिनाइलेफ्राइन हाइड्रोक्लोराइड के कॉम्बिनेशन से बनी दवाओं के इस्तेमाल पर रोक लगा दी है।
पैकेट पर चेतावनी लिखना जरूरी
सरकार ने दवा कंपनियों को इन दवाओं के पैकेट, अंदर दी जाने वाली जानकारी और प्रचार सामग्री पर स्पष्ट चेतावनी लिखने का निर्देश दिया है। इसका उद्देश्य छोटे बच्चों को दवा के संभावित जोखिम से बचाना है।
विशेषज्ञ समिति की सिफारिश के बाद फैसला
यह फैसला विशेषज्ञ समिति और ड्रग्स टेक्निकल एडवाइजरी बोर्ड (DTAB) की सिफारिशों के आधार पर लिया गया है। विशेषज्ञों के अनुसार, इस दवा के कॉम्बिनेशन से चार साल से कम उम्र के बच्चों में स्वास्थ्य संबंधी जोखिम हो सकते हैं। वहीं, इस आयु वर्ग के लिए अन्य सुरक्षित विकल्प उपलब्ध हैं।
2025 के आदेश का बढ़ाया दायरा
सरकार ने इससे पहले 15 अप्रैल 2025 की अधिसूचना के जरिए कुछ फिक्स्ड डोज कॉम्बिनेशन (FDC) दवाओं के लिए चेतावनी जारी की थी। अब इस व्यवस्था का दायरा बढ़ाते हुए क्लोरफेनिरामाइन मैलेट और फिनाइलेफ्राइन हाइड्रोक्लोराइड वाले सभी संबंधित FDC को चार साल से कम उम्र के बच्चों के लिए प्रतिबंधित किया गया है।









