फिलीपींस दौरे से लौटते ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत मंडपम पहुंचे। कैबिनेट मंत्रियों के साथ बैठक में सरकार के कामकाज की समीक्षा के अलावा लोकसभा सीटें बढ़ाने और परिसीमन के मुद्दे पर मंथन होने की संभावना है।
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फिलीपींस दौरे से लौटने के बाद बुधवार सुबह नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम पहुंचे। यहां वह केंद्रीय मंत्रिपरिषद की बैठक की अध्यक्षता कर रहे हैं। बैठक में केंद्र सरकार के अब तक के कामकाज की समीक्षा के साथ ही आगामी राजनीतिक और नीतिगत मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। इनमें परिसीमन विधेयक का मुद्दा भी प्रमुख माना जा रहा है।
इस बैठक की खास बात यह है कि इसमें केवल कैबिनेट मंत्रियों को ही आमंत्रित किया गया है। राज्य मंत्रियों और स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्रियों को बैठक से अलग रखा गया है। हालांकि, इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी अपने कार्यालय में राज्य मंत्रियों और स्वतंत्र प्रभार वाले मंत्रियों के साथ अलग-अलग बैठकें कर चुके हैं। इन बैठकों में उनके कामकाज और मंत्रालयों से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई थी।
केंद्रीय मंत्रिपरिषद की पिछली बैठक सितंबर में आयोजित की गई थी। उस समय इसे ‘चिंतन शिविर’ का स्वरूप दिया गया था। इस बार की बैठक में सरकार के कामकाज की समीक्षा के साथ भविष्य की योजनाओं और महत्वपूर्ण विधायी प्रस्तावों पर चर्चा की संभावना जताई जा रही है।









