4 साल से छोटे बच्चों के लिए सर्दी-जुकाम की दवा पर रोक

सरकार ने जारी किया नया आदेश-क्लोरफेनिरामाइन मैलेट और फिनाइलेफ्राइन वाले FDC पर प्रतिबंध

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने चार साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सर्दी-जुकाम की कुछ दवाओं के इस्तेमाल को लेकर बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने क्लोरफेनिरामाइन मैलेट और फिनाइलेफ्राइन हाइड्रोक्लोराइड के कॉम्बिनेशन से बनी दवाओं के इस्तेमाल पर रोक लगा दी है।

पैकेट पर चेतावनी लिखना जरूरी

सरकार ने दवा कंपनियों को इन दवाओं के पैकेट, अंदर दी जाने वाली जानकारी और प्रचार सामग्री पर स्पष्ट चेतावनी लिखने का निर्देश दिया है। इसका उद्देश्य छोटे बच्चों को दवा के संभावित जोखिम से बचाना है।

विशेषज्ञ समिति की सिफारिश के बाद फैसला

यह फैसला विशेषज्ञ समिति और ड्रग्स टेक्निकल एडवाइजरी बोर्ड (DTAB) की सिफारिशों के आधार पर लिया गया है। विशेषज्ञों के अनुसार, इस दवा के कॉम्बिनेशन से चार साल से कम उम्र के बच्चों में स्वास्थ्य संबंधी जोखिम हो सकते हैं। वहीं, इस आयु वर्ग के लिए अन्य सुरक्षित विकल्प उपलब्ध हैं।

2025 के आदेश का बढ़ाया दायरा

सरकार ने इससे पहले 15 अप्रैल 2025 की अधिसूचना के जरिए कुछ फिक्स्ड डोज कॉम्बिनेशन (FDC) दवाओं के लिए चेतावनी जारी की थी। अब इस व्यवस्था का दायरा बढ़ाते हुए क्लोरफेनिरामाइन मैलेट और फिनाइलेफ्राइन हाइड्रोक्लोराइड वाले सभी संबंधित FDC को चार साल से कम उम्र के बच्चों के लिए प्रतिबंधित किया गया है।

ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के तहत आदेश

केंद्र सरकार ने यह आदेश ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट, 1940 की धारा 26A के तहत जारी किया है। FDC ऐसी दवा होती है, जिसमें दो या उससे अधिक सक्रिय दवा घटकों को एक ही दवा में निश्चित मात्रा में मिलाया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button