तिरुवनंतपुरम। केरल पुलिस ने सोमवार को राइट विंग कमेंटेटर और यूट्यूबर टीजी मोहनदास को गिरफ्तार किया। उन पर NEET पेपर लीक के विरोध में दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों को लेकर विवादित और आपत्तिजनक बयान देने का आरोप है। पुलिस ने जांच के लिए उनके डिजिटल डिवाइस भी जब्त किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, मोहनदास ने 24 और 25 जुलाई को अपने यूट्यूब चैनल ‘पथरिका’ पर वीडियो अपलोड किए थे। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इन वीडियो में उन्होंने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों और छात्राओं को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी।
प्रदर्शनकारियों पर फायरिंग की बात कहने का आरोप
पुलिस के अनुसार, मोहनदास ने वीडियो में कहा था कि अगर वह जंतर-मंतर पर होते तो वहां कर्फ्यू लगा देते और प्रदर्शनकारियों को हटने का आदेश देते। उनके मुताबिक, अगर प्रदर्शनकारी आदेश नहीं मानते तो फायरिंग का आदेश दिया जाता।
वीडियो हटाने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से अनुरोध
पुलिस को मिली शिकायत में आरोप लगाया गया कि वीडियो का उद्देश्य लोगों के बीच डर और अशांति पैदा करना था। पुलिस ने सोशल मीडिया ऑपरेटरों से विवादित वीडियो हटाने का अनुरोध किया है।
पुलिस ने मोहनदास के यूट्यूब अकाउंट की भी जांच शुरू कर दी है। वीडियो बनाने और अपलोड करने में इस्तेमाल किए गए डिजिटल डिवाइस को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा।









