चीनी को लेकर अफवाहों पर प्रशासन सख्त, जिले में पर्याप्त स्टॉक

डीएम के निर्देश पर पूरे जिले में थोक विक्रेताओं के यहां पहुंचीं प्रशासनिक टीमें, स्टॉक का किया सत्यापन

अंबेडकरनगर। जिले में चीनी की उपलब्धता को लेकर प्रशासन ने स्थिति साफ कर दी है। बाजार में चीनी की कमी नहीं है और पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। इसके बावजूद चीनी को लेकर किसी तरह की अफवाह फैलती है तो उस पर ध्यान नहीं देने की अपील की गई है।

जिलाधिकारी ईशा प्रिया के निर्देश पर सोमवार को सभी उपजिलाधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में थोक विक्रेताओं और व्यापारियों के प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान दुकानों और प्रतिष्ठानों पर उपलब्ध चीनी के स्टॉक का सत्यापन किया गया।

पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है चीनी

जिला गन्ना अधिकारी साहब लाल यादव ने बताया कि जिले में चीनी की पर्याप्त उपलब्धता है। वर्तमान में कमी जैसी कोई स्थिति नहीं है। लोगों से अपील की गई है कि चीनी की उपलब्धता या कीमत को लेकर किसी भी भ्रामक सूचना पर भरोसा न करें।

जमाखोरी की कोशिश पड़ी भारी, तो होगी कार्रवाई

प्रशासन ने थोक विक्रेताओं और व्यापारियों को भी स्पष्ट निर्देश दिए हैं। चीनी की कालाबाजारी, जमाखोरी या जरूरत से अधिक अनावश्यक भंडारण नहीं किया जा सकता। नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित व्यापारी के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button