अंबेडकरनगर। रबी सीजन 2026-27 के लिए अनुदान पर प्रमाणित बीज लेने की ऑनलाइन बुकिंग शुरू हो गई है। किसान तोरिया, सरसों, चना, मटर, मसूर और गेहूं समेत विभिन्न रबी फसलों के बीज के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। निशुल्क मिनीकिट के लिए भी बुकिंग की व्यवस्था है। बुकिंग दो जुलाई से शुरू हुई है और 30 सितंबर तक चलेगी।
जिला कृषि अधिकारी अरविंद्र कुमार चौधरी के अनुसार किसान विभागीय वेबसाइट के माध्यम से बीज की ऑनलाइन बुकिंग करा सकते हैं। जिले में गेहूं बीज का लक्ष्य 13,936 क्विंटल रखा गया है। इसके मुकाबले अब तक 1,830 क्विंटल की बुकिंग हो चुकी है। चना का लक्ष्य 306 क्विंटल है, जिसमें 29.60 क्विंटल की बुकिंग हुई है। मटर में 143 के मुकाबले 23 क्विंटल और मसूर में 22.96 के मुकाबले 2.48 क्विंटल की बुकिंग हुई है।
सरसों के 24 क्विंटल लक्ष्य के सापेक्ष 0.53 क्विंटल और तोरिया के 2.40 क्विंटल लक्ष्य के मुकाबले 0.30 क्विंटल बीज की बुकिंग हुई है।
मिनीकिट की बुकिंग में चना और मसूर आगे
निशुल्क मिनीकिट के लिए भी किसानों ने बुकिंग कराई है। सरसों के 6,450 पैकेट के लक्ष्य के मुकाबले 1,038 की बुकिंग हुई है। चना के 800 के मुकाबले 410 और चना (केंद्र) के 272 के मुकाबले 364 पैकेट बुक हुए हैं।
मसूर के 50 के मुकाबले 171 और मसूर (केंद्र) के 50 के मुकाबले 132 पैकेट की बुकिंग हुई है। मटर के 250 के मुकाबले 312 और तोरिया के 250 के मुकाबले 310 पैकेट की बुकिंग दर्ज की गई है।
कृषि विभाग ने किसानों से निर्धारित अवधि में ऑनलाइन बुकिंग कराने को कहा है।









