छुट्टी से लौटे सिपाही की कमरे में मिली लाश, अंदर से बंद था दरवाजा

मेस की चाबी लेने पहुंचे साथी ने खटखटाया दरवाजा, जवाब नहीं मिलने पर अफसरों को दी सूचना; पुलिस जांच में जुटी

अम्बेडकरनगर। दो दिन की छुट्टी के बाद ड्यूटी पर लौटे पुलिस लाइन के सिपाही संदीप कुमार का शव शुक्रवार सुबह किराए के कमरे में मिला। वह पुलिस लाइन में मेस मुंशी के पद पर तैनात थे। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खोलकर शव को कब्जे में लिया और जांच शुरू कर दी।

मऊ के कोपागंज क्षेत्र के नौसेमर गांव निवासी संदीप अकबरपुर में इंजीनियरिंग कॉलेज के पीछे किराए के कमरे में अकेले रहते थे। वह दो दिन की छुट्टी पर घर गए थे और गुरुवार को लौटकर कमरे पर आए थे।

फोन नहीं उठा तो कमरे पर पहुंचा साथी
शुक्रवार सुबह मेस की चाबी लेने के लिए साथी सिपाही ने संदीप को फोन किया। कई बार कॉल करने के बाद भी जवाब नहीं मिला। साथी कमरे पर पहुंचा तो दरवाजा अंदर से बंद था। आवाज लगाने और दरवाजा खटखटाने पर भी कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई।

साथी ने अधिकारियों को जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा खोलकर अंदर दाखिल हुई। संदीप का शव खिड़की की ग्रिल से लटका मिला।

सुसाइड नोट नहीं मिला, मोबाइल की जांच
पुलिस के अनुसार, कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। शुरुआती जांच में पारिवारिक कलह की बात सामने आई है। हालांकि पुलिस ने इसे अभी अंतिम कारण नहीं माना है। मोबाइल फोन की जांच की जा रही है। घटना से पहले की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए पुलिस अन्य पहलुओं को भी देख रही है।

एएसपी डॉ. तेजवीर सिंह ने बताया कि संदीप दो दिन की छुट्टी के बाद गुरुवार को ड्यूटी पर लौटे थे। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है। विभागीय या कामकाजी तनाव की जानकारी नहीं मिली है। सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button