सीएचसी टांडा के अधीक्षक को हटाने की मांग, सीएमओ को भेजा पत्र

डॉ. दिनेश वर्मा पर मरीजों को समुचित इलाज न देने और निजी अस्पतालों में भेजने का आरोप, संगठन के प्रदेश संयोजक ने निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की उठाई मांग

अंबेडकरनगर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) टांडा की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर शिकायत सामने आई है। केंद्र के अधीक्षक डॉ. दिनेश वर्मा की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए उन्हें पद से हटाने की मांग की गई है। मिशन योगी अगेन सीएम उत्तर प्रदेश संगठन के प्रदेश संयोजक स्वामी ओमप्रकाश ने इस संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी को पत्र भेजा है।

पत्र में उन्होंने आरोप लगाया है कि डॉ. दिनेश वर्मा की कार्यशैली के चलते अस्पताल में मरीजों की जांच, देखभाल और उपचार व्यवस्था प्रभावित हो रही है। उनका दावा है कि सरकारी अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को समुचित इलाज देने के बजाय निजी अस्पतालों में जाने की सलाह दी जाती है।

जनप्रतिनिधियों के फोन नहीं उठाने का भी आरोप
स्वामी ओमप्रकाश ने आरोप लगाया कि अधीक्षक जनप्रतिनिधियों के फोन भी नहीं उठाते हैं। उन्होंने डॉ. वर्मा पर कथित भ्रष्टाचार और स्थानीय समाजवादी पार्टी की राजनीति में सक्रिय रहने के आरोप भी लगाए हैं। उनका कहना है कि लंबे समय से एक ही केंद्र पर तैनाती के कारण स्वास्थ्य सेवाओं की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।

सीएमओ से निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग
संगठन के प्रदेश संयोजक ने कहा कि सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों की जिम्मेदारी गरीब और जरूरतमंद मरीजों को सुलभ इलाज उपलब्ध कराना है। ऐसे में मरीजों को निजी अस्पतालों में जाने की सलाह दिए जाने की शिकायत गंभीरता से जांची जानी चाहिए।

उन्होंने सीएमओ से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और डॉ. दिनेश वर्मा को सीएचसी टांडा के अधीक्षक पद से हटाने की मांग की है। साथ ही उनके स्थान पर योग्य और कर्तव्यनिष्ठ चिकित्सक की तैनाती करने का अनुरोध किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button