ज्वेलरी ब्रांड GIVA ने बुधवार को एक्ट्रेस कृति सेनन के रक्षाबंधन से जुड़े विवादित विज्ञापन को हटा दिया। विज्ञापन में कृति सेनन ब्रालेट-स्टाइल ब्लाउज, केप और ड्रेप्ड स्कर्ट में नजर आई थीं। विज्ञापन में वह एक कुत्ते को राखी बांधती हुई भी दिखाई दी थीं। उनके पहनावे और विज्ञापन की थीम को लेकर सोशल मीडिया पर कई लोगों ने आपत्ति जताई।
GIVA ने जताया खेद
विवाद बढ़ने के बाद GIVA ने विज्ञापन को सभी मीडिया प्लेटफॉर्म से हटाने का फैसला किया। कंपनी ने कहा कि उसका उद्देश्य किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था।
ब्रांड ने कहा कि वह हमेशा त्योहारों और खुशी के पलों को परिवार के साथ मनाने की भावना में विश्वास करता है। इस विज्ञापन के जरिए पालतू जानवरों के साथ प्यार और उत्सव की भावना दिखाने की कोशिश की गई थी।
भारतीय संस्कृति के सम्मान में फैसला
GIVA ने कहा कि यदि विज्ञापन से समाज के किसी वर्ग की भावनाएं अनजाने में आहत हुई हैं तो इसके लिए उसका ऐसा कोई इरादा नहीं था। भारतीय संस्कृति और परंपराओं के सम्मान को ध्यान में रखते हुए विज्ञापन को हटा लिया गया है।
राहुल गांधी ने किया कृति का समर्थन
विवाद के बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कृति सेनन का समर्थन किया। उन्होंने कृति की इंस्टाग्राम पोस्ट को अपनी इंस्टा स्टोरी पर शेयर करते हुए कहा कि महिलाओं के कपड़ों और उनकी जीवनशैली की ऑनलाइन पुलिसिंग नहीं होनी चाहिए।
कंगना रनोट ने उठाए सवाल
वहीं, एक्ट्रेस और सांसद कंगना रनोट ने विज्ञापन को लेकर कृति सेनन पर सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा था कि राखी जैसे त्योहार के लिए स्टाइलिंग के कई विकल्प मौजूद हैं और विज्ञापन को जानबूझकर अजीब तरीके से तैयार किया गया प्रतीत होता है।









