मुंबई पुलिस कर रही आवाज की जांच, अब तक FIR दर्ज नहीं; इससे पहले तुषार कपूर को भी मिला था धमकी भरा मैसेज
मुबंई। बॉलीवुड एक्टर आयुष्मान खुराना को कथित तौर पर धमकी भरा ऑडियो मैसेज मिला है। मुंबई पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, मैसेज भेजने वाले शख्स ने खुद को लॉरेंस गैंग का सदस्य बताया और एक्टर से करोड़ों रुपए की मांग की। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। हालांकि, अब तक इस संबंध में FIR दर्ज नहीं की गई है।
पुलिस को मिले ऑडियो क्लिप की आवाज का मिलान ऐसे आरोपी की आवाज से किया जा रहा है, जिसका नाम पहले से पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज है। जांच की जा रही है कि ऑडियो भेजने वाले व्यक्ति का उस आरोपी से कोई संबंध है या नहीं।
तुषार कपूर को भी मिला था 5 करोड़ मांगने वाला ऑडियो
हाल ही में एक्टर तुषार कपूर को भी इसी तरह का धमकी भरा ऑडियो मैसेज मिला था। मैसेज भेजने वाले ने खुद को हैरी बॉक्सर बताया और कथित तौर पर 5 करोड़ रुपए की मांग की थी।
न्यूज एजेंसी IANS के मुताबिक, तुषार कपूर ने इसकी जानकारी मुंबई पुलिस को दी थी। इसके बाद मामले की जांच एंटी-एक्सटॉर्शन सेल और क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई।
क्राइम ब्रांच की टेक्निकल टीम ने धमकी भरे कॉल की रिकॉर्डिंग की जांच की। इसके बाद आवाज का मिलान हैरी बॉक्सर के आधिकारिक ऑडियो सैंपल से किया गया। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के मुताबिक, दोनों आवाजें आपस में मेल नहीं खातीं। इसके आधार पर पुलिस को शक है कि कॉल फर्जी था और किसी ने गैंग का नाम लेकर डर पैदा करने की कोशिश की।
रणवीर सिंह के मैनेजर को भी भेजा गया था वॉइस नोट
लॉरेंस गैंग से जुड़े बताए जाने वाले हैरी बॉक्सर पर फिल्म इंडस्ट्री के लोगों को धमकी देने के आरोप भी लगे हैं। इनमें एक्टर रणवीर सिंह का नाम भी शामिल है।
NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक, हैरी बॉक्सर ने रणवीर सिंह के मैनेजर को वॉइस नोट भेजकर 10 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी थी। आरोप है कि रकम नहीं देने पर रणवीर और उनके स्टाफ को जान से मारने की धमकी भी दी गई थी।
फिल्म ‘उड़ता तीर’ में नजर आए थे आयुष्मान
आयुष्मान खुराना हाल ही में सारा अली खान के साथ फिल्म ‘उड़ता तीर’ में नजर आए थे। इस स्पाई-कॉमेडी फिल्म में उन्होंने बिलाल नाम के पाकिस्तानी एजेंट का किरदार निभाया है।
फिलहाल पुलिस आयुष्मान को मिले ऑडियो मैसेज की जांच कर रही है। आवाज की पहचान और मैसेज भेजने वाले व्यक्ति का कथित गैंग से संबंध होने की पुष्टि होना बाकी है।









