जयपुर। जयपुर के सीतापुरा स्थित ION डिजिटल जोन सेंटर पर NEET PG-2026 परीक्षा के दौरान हंगामा हो गया। परीक्षार्थियों ने आरोप लगाया कि परीक्षा के दौरान कंप्यूटर बार-बार बंद होते रहे, जिससे उनकी परीक्षा प्रभावित हुई। छात्रों के मुताबिक करीब दो घंटे में परीक्षा 10 बार तक बाधित हुई।
सुबह 9 बजे की परीक्षा करीब 10 बजे शुरू होने का दावा
प्रदर्शन कर रहे छात्रों के अनुसार परीक्षा सुबह 9 बजे शुरू होनी थी, लेकिन करीब एक घंटे की देरी से 10 बजे शुरू हुई। कंप्यूटर बंद होने के बाद जब कुछ सिस्टम दोबारा चालू किए गए तो स्क्रीन पर केवल 3 से 4 सवाल दिखाई दिए। वहीं कुछ परीक्षार्थियों का दावा है कि उनके सिस्टम पर 5 से 6 सवाल आने के बाद कंप्यूटर फिर बंद हो गए।
परीक्षा कैंसिल, 5 सितंबर को दोबारा होगी
हंगामा बढ़ने और परीक्षार्थियों के विरोध के बाद इस सेंटर की परीक्षा रद्द कर दी गई है। अब इस केंद्र पर 5 सितंबर को दोबारा परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा में शामिल अभ्यर्थी इस फैसले के बाद भी अपनी शिकायतों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं।
पेपर लीक की आशंका जताई
परीक्षार्थियों ने परीक्षा के दौरान तकनीकी गड़बड़ी के साथ पेपर लीक की आशंका भी जताई है। छात्रों का कहना है कि अलग-अलग कंप्यूटरों पर अलग संख्या में सवाल दिखाई देने और बार-बार सिस्टम बंद होने से परीक्षा की गोपनीयता को लेकर संदेह पैदा हुआ।









