- भारत समेत 8 देशों में आतंकी हमले की योजना का दस्तावेज में जिक्र
- भारत में किसी शहर, जगह या हमले की तारीख की जानकारी नहीं
नई दिल्ली। आतंकी संगठन अल-कायदा का सरगना ओसामा बिन लादेन 9/11 हमले से पहले भारत को भी निशाना बनाना चाहता था। अमेरिकी खुफिया एजेंसी CIA की ओर से हाल ही में सार्वजनिक किए गए दस्तावेजों से यह जानकारी सामने आई है।
CIA ने 9/11 आतंकी हमले की 25वीं बरसी के मौके पर शुक्रवार को ओसामा बिन लादेन से जुड़ी 70 से ज्यादा खुफिया रिपोर्ट सार्वजनिक की हैं। इन दस्तावेजों में 100 से अधिक पन्नों की जानकारी शामिल है।
1998 की रिपोर्ट में भारत का जिक्र
जारी दस्तावेजों में 28 अगस्त 1998 की एक रिपोर्ट भी शामिल है। इसमें बिन लादेन के भारत समेत कई देशों में आतंकी हमले की योजना का जिक्र किया गया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, अल-कायदा की ओर से भारत के अलावा पाकिस्तान, मिस्र, कुवैत, सऊदी अरब, यमन और युगांडा को भी संभावित निशाने के तौर पर देखा गया था। नाइजीरिया का भी संभावित लक्ष्य के तौर पर उल्लेख किया गया है।
भारत में हमले की जगह और तारीख का खुलासा नहीं
दस्तावेज में भारत को लेकर हमले की विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। इसमें न तो किसी विशेष शहर या इमारत का नाम बताया गया है और न ही हमले की कोई तारीख या ठोस योजना का जिक्र किया गया है।
इससे यह स्पष्ट नहीं होता कि भारत में संभावित हमले के लिए अल-कायदा ने किस जगह को चुना था या उसकी योजना किस स्तर तक आगे बढ़ी थी।









