रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव के पास शनिवार को एक हथियार डिपो को ड्रोन हमले से निशाना बनाया। हमले के बाद डिपो में रखे गोले, बारूदी सुरंगें और ड्रोन फटने लगे। लगातार हुए धमाकों से आसपास का इलाका दहल उठा।
37 लोगों की मौत, 42 घायल
BBC की रिपोर्ट के मुताबिक, घटना में कम से कम 37 लोगों की मौत हुई है, जबकि 42 लोग घायल हुए हैं। घायलों में चार बच्चे भी शामिल हैं। धमाकों से आसपास के घरों और दूसरी इमारतों को भारी नुकसान पहुंचा है।
130 घरों को नुकसान
धमाकों के कारण गांव में करीब 130 घर क्षतिग्रस्त हो गए। शुक्रवार देर रात हुए हमले के बाद शनिवार को भी घटनास्थल पर राहत और बचाव अभियान जारी रहा।
मिला गांव में था हथियार डिपो
रूस के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि उसकी सेना ने कीव के पश्चिम में स्थित मिला गांव में एक हथियार डिपो को निशाना बनाया। रूस के मुताबिक, यहां FP-1 और FP-2 लंबी दूरी तक उड़ान भरने वाले ड्रोन के पुर्जे और उन्हें लॉन्च करने वाले बूस्टर रखे गए थे।
घर की दीवारों और खिड़कियों में दरारें
स्थानीय निवासी 45 वर्षीय ल्यूबोव पावलेंको का घर हथियार डिपो से करीब 200 मीटर दूर है। उन्होंने बताया कि धमाकों के बाद घर की बाहरी दीवारों पर दरारें पड़ गई हैं। खिड़कियों के आसपास भी नुकसान हुआ है।
जेलेंस्की बोले- रिहायशी इलाके के पास नहीं होना चाहिए था
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने हथियार डिपो को रिहायशी इलाके के इतने करीब रखने के फैसले पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि लोगों के घरों के पास विस्फोटक सामग्री नहीं रखी जानी चाहिए थी।









