
लखनऊ। लखनऊ में स्वाइन फ्लू का असर बढ़ता दिखाई दे रहा है। बलरामपुर अस्पताल में गुरुवार को H1N1 संक्रमित महिला की मौत के बाद शुक्रवार को दो और मरीजों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई। दोनों मरीजों को अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया।
शनिवार को भी मिला एक संक्रमित
शनिवार को भी एक व्यक्ति में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई। उसे लोहिया संस्थान में भर्ती कराया गया है और फिलहाल आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। लखनऊ के सभी अस्पतालों में स्वाइन फ्लू मरीजों के लिए अलग वार्ड रिजर्व कर दिए गए हैं।
75 जिलों में निगरानी बढ़ाने के निर्देश
स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य मंत्री और डिप्टी सीएम ने प्रदेश के सभी 75 जिलों में निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। लखनऊ के मुख्य चिकित्सा अधिकारी की ओर से भी इस संबंध में जानकारी जारी की गई है।
इंदिरानगर और आदिलनगर के मरीज संक्रमित
बलरामपुर अस्पताल में भर्ती दोनों मरीज इंदिरानगर और आदिलनगर इलाके के रहने वाले हैं। दोनों को सर्दी, जुकाम, बुखार और गले में खराश की शिकायत थी। इसके बाद उन्होंने निरालानगर स्थित निजी पैथोलॉजी सेंटर में जांच कराई, जहां रिपोर्ट में H1N1 संक्रमण की पुष्टि हुई।
सांस लेने में दिक्कत के बाद अस्पताल में भर्ती
रिपोर्ट पॉजिटिव आने और सांस लेने में परेशानी बढ़ने के बाद परिजनों ने दोनों मरीजों को बलरामपुर अस्पताल में भर्ती कराया। दोनों का इलाज स्वाइन फ्लू वार्ड में चल रहा है।









