लखनऊ। राजधानी लखनऊ के अलीगंज सेक्टर-डी स्थित विवादित भवन पर अब ध्वस्तीकरण की कार्रवाई लगभग तय मानी जा रही है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) द्वारा जारी नोटिस की अवधि समाप्त होने के बाद 7 जुलाई से भवन को गिराने की कार्रवाई शुरू की जा सकती है। प्रशासन ने इसके लिए तैयारियां अंतिम चरण में पहुंचा दी हैं।
एलडीए ने 23 जून को भूखंड स्वामी को नोटिस जारी कर 15 दिनों के भीतर यह स्पष्ट करने को कहा था कि भवन में अवैध निर्माण क्यों कराया गया। अधिकारियों के अनुसार, निर्धारित अवधि के बावजूद भवन स्वामी की ओर से कोई जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया। ऐसे में 6 जुलाई को नोटिस की समय सीमा पूरी होने के बाद 7 जुलाई से ध्वस्तीकरण अभियान शुरू किया जाएगा।
एलडीए अधिकारियों का कहना है कि अवैध निर्माण हटाने में आने वाला पूरा खर्च भी भूखंड स्वामी से ही वसूला जाएगा। कार्रवाई के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए पुलिस बल की तैनाती भी की जाएगी।









