- 22 जुलाई तक बारिश की संभावना
- बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव
- तापमान में आएगी गिरावट
- उमसभरी गर्मी से मिलेगी राहत
लखनऊ। राजधानी में शनिवार सुबह से बादलों की आवाजाही बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार दिन में बादलों की गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 18 जुलाई से सक्रिय हो रहे नए मौसम तंत्र के प्रभाव से लखनऊ समेत पूरे उत्तर प्रदेश में मानसून फिर रफ्तार पकड़ने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार आज लखनऊ का अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री और न्यूनतम 25.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस दौरान अधिकतम आर्द्रता 84 प्रतिशत और न्यूनतम 64 प्रतिशत रही।
विभाग ने 22 जुलाई तक लगातार बारिश की संभावना जताई है। उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के मजबूत होने से प्रदेश में मानसून सक्रिय होगा। इसके प्रभाव से कई जिलों में अच्छी बारिश होने और तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है।
अब तक मानसून सीजन में लखनऊ में 108.1 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है, जबकि सामान्य औसत 201.9 मिलीमीटर है। यानी अब तक सामान्य से करीब 48 प्रतिशत कम बारिश हुई है। मौसम विभाग का मानना है कि आने वाले दिनों में अच्छी बारिश से इस कमी में सुधार हो सकता है।









