सावन की विदाई पर बुद्धेश्वर महादेव का भव्य पंचमेवा श्रृंगार

बाबा का नयनाभिराम श्रृंगार

लखनऊ। सावन मास के समापन पर लखनऊ के ऐतिहासिक और पौराणिक तीर्थस्थल श्री बुद्धेश्वर महादेव मंदिर, मोहन रोड में श्रद्धा और आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। ‘श्री बुद्धेश्वर महादेव श्रृंगार समूह’ के तत्वावधान में सावन की विदाई के अवसर पर बाबा का भव्य श्रृंगार वैदिक विधि-विधान और श्रद्धाभाव के साथ किया गया।

पंचमेवा से सजा बाबा का दरबार

विदाई श्रृंगार के अवसर पर बाबा बुद्धेश्वर का विशेष ‘पंचमेवा श्रृंगार’ किया गया। काजू, बादाम, पिस्ता, किशमिश और मखाने समेत विभिन्न सूखे मेवों और सुगंधित फूलों से बाबा का दरबार सजाया गया। महादेव के इस अलौकिक स्वरूप के दर्शन कर मंदिर में मौजूद श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।

महारुद्राभिषेक में हुआ पंचामृत का प्रयोग

मुख्य पुजारी रामू पुरी महाराज के सानिध्य में बाबा बुद्धेश्वर का महारुद्राभिषेक कराया गया। इस दौरान दूध, गंगाजल, शहद और पंचामृत से भगवान शिव का अभिषेक किया गया। धार्मिक अनुष्ठान के दौरान श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से पूजा-अर्चना की।

शंखनाद और डमरू की गूंज के बीच महाआरती

महारुद्राभिषेक के बाद मंदिर परिसर में भव्य महाआरती का आयोजन हुआ। शंखनाद, डमरू वादन और वैदिक मंत्रोच्चार से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने बाबा बुद्धेश्वर के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button