- जनेश्वर मिश्र पार्क के पास बुधवार सुबह की घटना
- विवाद के बाद युवती को कार से टक्कर मारने का आरोप
- टक्कर के बाद बोनट पर गिरी युवती
लखनऊ। लखनऊ में जनेश्वर मिश्र पार्क के पास विवाद के बाद एक युवती को कार से टक्कर मारने का मामला सामने आया है। टक्कर लगने के बाद युवती कार के बोनट पर जा गिरी। आरोप है कि चालक उसे कुछ दूर तक बोनट पर लेकर गया। इसके बाद युवती के नीचे उतरने पर चालक ने कार उसकी ओर मोड़ दी। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कार को युवती की तरफ बढ़ते हुए देखा जा सकता है। घटना के बाद चालक कार लेकर मौके से फरार हो गया।
चाय पीने पहुंची थी युवती
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवती बुधवार सुबह जनेश्वर मिश्र पार्क के पास चाय पीने पहुंची थी। इसी दौरान एक युवक कुछ अन्य युवतियों के साथ कार से वहां पहुंचा। युवती की नजर युवक पर पड़ी तो उसने उसे पहचान लिया। इसके बाद दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई।
बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने के दौरान आसपास मौजूद लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। इसी बीच कार सवार युवक ने युवती को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद युवती कार के बोनट पर गिर गई।
बोनट पर लेकर काफी दूर तक गया चालक
आरोप है कि टक्कर के बाद चालक ने कार रोकने के बजाय युवती को बोनट पर ही कुछ दूर तक ले गया। इस दौरान आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। बाद में युवती किसी तरह कार से नीचे उतर गई।
घटना के सामने आए वीडियो में युवती के बोनट से नीचे उतरने के बाद कार को उसकी दिशा में मोड़ते हुए देखा जा रहा है। आरोप है कि चालक ने इसके बाद युवती को दोबारा कार से कुचलने की कोशिश की। हालांकि, वीडियो और घटना की पूरी परिस्थितियों की जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।
नाम बदलकर रिलेशनशिप बनाने का आरोप
सूत्रों के मुताबिक, युवती का आरोप है कि युवक ने उससे अपना नाम यश ठाकुर बताकर पहचान बनाई थी और दोनों के बीच रिलेशनशिप बनी। बाद में युवती को युवक की पहचान शाहनवाज के रूप में पता चली।
पहचान को लेकर दोनों के बीच विवाद होने की बात सामने आई है। आरोप है कि इसी विवाद के दौरान शाहनवाज ने कार से युवती को टक्कर मार दी।









