- 2013 बैच की IAS दिव्या मित्तल ने इस्तीफा दिया
- दिव्या मित्तल वर्तमान में लखनऊ में राजस्व विभाग की विशेष सचिव हैं
- उन्होंने मुख्य सचिव एसपी गोयल को इस्तीफा भेजा
यूपी की चर्चित IAS अधिकारी दिव्या मित्तल ने सरकारी सेवा से इस्तीफा दे दिया है। 43 वर्षीय दिव्या मित्तल वर्तमान में लखनऊ में राजस्व विभाग में विशेष सचिव के पद पर तैनात थीं। उन्होंने अपना इस्तीफा मुख्य सचिव एसपी गोयल को भेजा है। रविवार सुबह उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस्तीफे की जानकारी सार्वजनिक की।
इस्तीफे की वजह अभी साफ नहीं
दिव्या मित्तल के अचानक इस्तीफे से यूपी की ब्यूरोक्रेसी में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। हालांकि, उन्होंने इस्तीफा क्यों दिया, इसकी आधिकारिक वजह अभी सामने नहीं आई है। बताया जा रहा है कि पिछले करीब चार महीने से वह लखनऊ में साइडलाइन पोस्टिंग पर थीं और फील्ड पोस्टिंग चाहती थीं।
2013 बैच की IAS, 17 साल की सेवा बाकी
दिव्या मित्तल 2013 बैच की IAS अधिकारी हैं। उन्होंने करीब 13 साल तक सरकारी सेवा की। इस्तीफा देने के समय उनकी लगभग 17 साल की सेवा अभी बाकी थी। उनके अचानक सेवा छोड़ने के फैसले को लेकर प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज है।
IIT और IIM से पढ़ाई, लंदन की नौकरी छोड़ी
दिव्या मित्तल ने IIT दिल्ली से बीटेक और IIM बेंगलुरु से MBA किया है। पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने लंदन में नौकरी की थी, लेकिन लाखों रुपये की नौकरी छोड़कर भारत वापस आ गईं। इसके बाद उन्होंने सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी शुरू की।
दो साल में दो बार UPSC क्लियर किया
दिव्या मित्तल ने महज दो साल में दो बार UPSC परीक्षा पास की। पहली बार वह IPS अधिकारी बनीं और अगले साल दोबारा परीक्षा पास कर IAS अधिकारी बनीं। इसके बाद यूपी कैडर में उन्हें प्रशासनिक जिम्मेदारियां मिलीं।









