बैंकॉक। अमेरिकी एयरक्राफ्ट कैरियर USS अब्राहम लिंकन बुधवार सुबह थाईलैंड के लाम चाबांग पोर्ट पहुंचा। युद्धपोत के साथ अमेरिकी नौसेना के दो अन्य जहाज भी पहुंचे हैं। इस एयरक्राफ्ट कैरियर पर पिछले करीब 9 महीनों से लगभग 5 हजार अमेरिकी सैनिक तैनात हैं।
थाईलैंड पहुंचने के बाद अमेरिकी सैनिकों को बसों के जरिए करीब 96 किलोमीटर दूर पटाया ले जाया जाएगा। यहां वे करीब पांच दिन छुट्टियां बिताएंगे।
सैनिकों के पटाया पहुंचने से पहले पुलिस की कार्रवाई
अमेरिकी सैनिकों के पहुंचने से पहले पटाया में पुलिस ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस ने छापेमारी कर करीब 40 से 50 सेक्स वर्कर्स को हिरासत में लिया है।
हिरासत में लिए गए लोगों में थाईलैंड के अलावा लाओस और युगांडा की महिलाएं भी शामिल बताई गई हैं। पुलिस का कहना है कि अमेरिकी सैनिकों के आने से पहले गैरकानूनी गतिविधियों पर रोक लगाना और शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखना जरूरी है।
सोई 6 में अमेरिकी सैनिकों के जाने पर रोक
अमेरिकी सैनिकों को पटाया की नाइटलाइफ वाली कई जगहों पर जाने की अनुमति है, लेकिन थाई अधिकारियों ने उन्हें सोई 6 इलाके में जाने से रोक दिया है। सोई 6 पटाया का चर्चित नाइटलाइफ क्षेत्र है, जहां कई एडल्ट एंटरटेनमेंट बार मौजूद हैं।
थाई अधिकारियों ने अमेरिकी सैनिकों को देश के कानूनों का पालन करने की सलाह दी है। उन्हें बताया गया है कि थाईलैंड में वेश्यावृत्ति कानूनन प्रतिबंधित है।









