अमेरिका में फुटबॉल स्टेडियम के पास फायरिंग, 6 बच्चों समेत 12 घायल

फ्लोरिडा के तलहासी में घटना; 3 की हालत गंभीर, छात्रों के बीच झगड़े के बाद गोलीबारी की आशंका

वॉशिंगटन। अमेरिका के फ्लोरिडा राज्य के तलहासी में शनिवार रात फुटबॉल स्टेडियम के पास फायरिंग हुई। इसमें 12 लोग घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक, घायलों में छह बच्चे शामिल हैं। तीन लोगों की हालत गंभीर है, जबकि नौ की स्थिति स्थिर बताई गई है। मामले में अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

छात्रों के बीच झगड़े के बाद फायरिंग की आशंका

पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, गोलीबारी से पहले वहां छात्रों के बीच झगड़ा हुआ था। फुटबॉल मैच के बाद इलाके में काफी भीड़ थी। जिस स्टेडियम के पास घटना हुई, वह फ्लोरिडा एग्रीकल्चरल एंड मैकेनिकल यूनिवर्सिटी (FAMU) का है। उस समय यूनिवर्सिटी में होमकमिंग वीकेंड चल रहा था।

होमकमिंग वीकेंड यूनिवर्सिटी का एक विशेष आयोजन होता है। इसमें पूर्व छात्र अपने कॉलेज लौटते हैं और मौजूदा छात्रों के साथ खेल समेत विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेते हैं।

पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में की मदद

तलहासी के पुलिस प्रमुख लॉरेंस रेवेल ने बताया कि घटनास्थल पूरी तरह सुरक्षित होने से पहले ही पुलिस अधिकारियों ने घायलों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और उन्हें अस्पताल ले जाने में मदद की। उन्होंने बच्चों के घायल होने पर दुख जताया।

यूनिवर्सिटी कैंपस सुरक्षित, जांच जारी

यूनिवर्सिटी ने सोशल मीडिया पर बताया कि गोलीबारी उसके कैंपस के पास हुई, लेकिन परिसर सुरक्षित है। पुलिस झगड़े की वजह और गोलीबारी में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है। अधिकारियों ने लोगों से घटना से जुड़ी जानकारी साझा करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button