चारबाग से विधानसभा की ओर निकली पदयात्रा
लखनऊ में बुधवार को सरदार सेना के कार्यकर्ताओं और विभिन्न सरकारी भर्तियों के अभ्यर्थियों ने आरक्षण के समर्थन में प्रदर्शन किया। चारबाग रेलवे स्टेशन पर 22 अलग-अलग भर्तियों से जुड़े करीब 500 अभ्यर्थी और संगठन के कार्यकर्ता जुटे। यहां उन्होंने आरक्षण व्यवस्था के समर्थन में नारेबाजी की और इसके बाद विधानसभा की ओर पैदल मार्च शुरू किया।
हरबिलास अस्पताल के पास पुलिस ने रोका
प्रदर्शनकारी करीब 500 मीटर आगे बढ़े थे कि हरबिलास अस्पताल के पास पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर उनका रास्ता रोक दिया। आगे बढ़ने की कोशिश के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की हुई। करीब एक घंटे तक मौके पर हंगामा और प्रदर्शन जारी रहा।
आरएस पटेल समेत कई प्रदर्शनकारी हिरासत में
स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने सरदार सेना के संस्थापक एवं अध्यक्ष डॉ. आरएस पटेल समेत कई प्रदर्शनकारियों को मौके से हटाया। संगठन की ओर से इसे आरक्षण के मुद्दे पर सरकार तक अपनी मांग पहुंचाने की कोशिश बताया गया।
प्रयागराज से शुरू हुई थी पदयात्रा
डॉ. आरएस पटेल के मुताबिक, आरक्षण बचाओ पदयात्रा 26 अगस्त को प्रयागराज स्थित इलाहाबाद विश्वविद्यालय से शुरू हुई थी। इसके बाद पदयात्रा कौशाम्बी, फतेहपुर और रायबरेली होते हुए लखनऊ पहुंची। संगठन का दावा है कि इस यात्रा में बड़ी संख्या में सरदार सेना के कार्यकर्ता और आरक्षण समर्थक शामिल हुए।
22 सरकारी भर्तियों में गड़बड़ी का आरोप
सरदार सेना ने UPSSSC, 68,500 और 69 हजार शिक्षक भर्ती, पशुपालन विभाग, चिकित्सा विभाग और लेखपाल भर्ती समेत 22 सरकारी भर्तियों में आरक्षण लागू करने में कथित अनियमितताओं का आरोप लगाया है। संगठन का कहना है कि आरक्षण के बावजूद SC, ST और OBC वर्ग के पात्र अभ्यर्थियों को उनका पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है।









