लखनऊ हत्याकांड पर दिव्या की बहन ने उठाए सवाल

बोलीं- जांच किसी दूसरी एजेंसी को दी जाए

  • यूट्यूबर प्रज्ञा मिश्रा ने पुलिस जांच पर उठाए 25 से ज्यादा सवाल
  • मानस के पास तीन हथियार पहुंचने को लेकर जताया संदेह
  • बोलीं- हथियार कहां से आए और उसे किसने तैयार किया, इसकी जांच जरूरी

लखनऊ हत्याकांड में ICICI बैंक की रिलेशनशिप मैनेजर दिव्या की बहन और यूट्यूबर प्रज्ञा मिश्रा ने पुलिस जांच पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने रविवार देर रात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर 25 से ज्यादा सवाल उठाते हुए मामले की जांच किसी दूसरी एजेंसी से कराने की मांग की।

प्रज्ञा ने कहा कि अगर बैंक कर्मचारी मानस के पास तीन हथियार थे और वह हत्या की योजना बना रहा था, तो पुलिस को इसकी जानकारी क्यों नहीं हुई। उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि मामले की सच्चाई सामने आना बेहद जरूरी है।

मानस के पास तीन हथियार कैसे पहुंचे?

प्रज्ञा ने सवाल किया कि परिवार के मुताबिक मानस स्वभाव से इतना डरपोक था कि वह रात में अकेले घर से निकलने से भी हिचकता था। उसके घर में एक मजबूत लाठी तक नहीं थी। ऐसे में उसके पास दो पिस्टल और एक देसी तमंचा कहां से आए?

उन्होंने यह भी पूछा कि मानस को इस तरह के जघन्य अपराध के लिए किसने तैयार किया और उसका कथित कोच कौन था। प्रज्ञा का कहना है कि मामले में हथियारों के स्रोत और उन्हें उपलब्ध कराने वाले लोगों की जांच होनी चाहिए।

‘चीट’ शब्द को लेकर भी सवाल

प्रज्ञा ने मानस के अंतिम स्टेटस में लिखे गए ‘चीट’ शब्द को लेकर भी सवाल उठाया। उन्होंने पूछा कि क्या यह शब्द किसी को भ्रमित करने या जांच को दूसरी दिशा में ले जाने के लिए लिखा गया था।

उन्होंने यह भी सवाल किया कि अगर मानस को लगता था कि दिव्या उसे धोखा दे रही है, तो तलाक की कानूनी प्रक्रिया में वह इस आरोप का इस्तेमाल कर सकता था। फिर हत्या तक बात कैसे पहुंची, इसकी भी जांच जरूरी है।

मानसिक स्थिति का किसी ने इस्तेमाल तो नहीं किया?

प्रज्ञा ने सवाल उठाया कि क्या मानस की मानसिक स्थिति का किसी अन्य व्यक्ति ने फायदा उठाया? उन्होंने कथित तौर पर घर में मौजूद करीब डेढ़ करोड़ रुपये के स्त्रीधन को लेकर भी जांच की मांग की।

उनका कहना है कि मानस के व्यवहार और उसके पास मिले हथियारों के बीच अंतर दिखाई देता है। ऐसे में यह पता लगाना जरूरी है कि हथियार कहां से आए और क्या किसी अन्य व्यक्ति की इस पूरी घटना में भूमिका थी।

मामा ने भी हथियारों को लेकर जताई हैरानी

मानस के मामा अवधेश शुक्ला ने बताया कि मानस स्वभाव से काफी डरपोक था। वह रात में अकेले घर से निकलने से भी हिचकता था। परिवार के पास पहले से कोई असलहा नहीं था।

ऐसे में मानस के पास तीन हथियार मिलने को लेकर परिवार भी सवाल उठा रहा है। मामा के मुताबिक, उन्हें जानकारी नहीं है कि ये हथियार मानस तक कैसे पहुंचे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button