अंबेडकरनगर। स्वास्थ्य सेवाओं की रैंकिंग में अंबेडकरनगर ने प्रदेश में छठा स्थान हासिल किया है। अब जिला प्रशासन की नजर रैंकिंग में और सुधार पर है। बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। कमजोर प्रदर्शन वाले बिंदुओं पर जिम्मेदारी तय करते हुए अधिकारियों को सुधार के निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार समेत स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
गोल्डन कार्ड में सुस्ती पर भीटी एमओआईसी का वेतन बाधित
आयुष्मान भारत योजना के तहत गोल्डन कार्ड बनाने की प्रगति अपेक्षित नहीं मिली। जिलाधिकारी ने इस पर भीटी के एमओआईसी का वेतन बाधित करने के निर्देश दिए।
सभी एमओआईसी को 30 सितंबर तक प्रतिदिन कम से कम 50 गोल्डन कार्ड बनाने का लक्ष्य दिया गया है। अधिकारियों को प्रगति में तेजी लाने के साथ नियमित निगरानी करने को कहा गया।
डेंगू-मलेरिया मिला तो सिर्फ जांच नहीं, मौके पर होगी कार्रवाई
संचारी रोग नियंत्रण और दस्तक अभियान की समीक्षा के दौरान डेंगू और मलेरिया पर विशेष फोकस किया गया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जहां मरीज मिलें, वहां तत्काल निरोधात्मक कार्रवाई कराई जाए।
साफ-सफाई, फॉगिंग और जागरूकता गतिविधियों को भी साथ-साथ चलाने को कहा गया, ताकि संक्रमण के फैलाव को रोका जा सके।
जननी सुरक्षा योजना में धीमी प्रगति वाले क्षेत्रों पर नजर
जननी सुरक्षा योजना के तहत लाभार्थियों को भुगतान की स्थिति की समीक्षा की गई। मेडिकल कॉलेज के अलावा बसखारी, जहांगीरगंज और जलालपुर में प्रगति सुधारने के निर्देश दिए गए।
संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ समय से देने पर जोर दिया गया।









