बीएनकेबी पीजी कॉलेज में नवप्रवेशी छात्रों का अभिन्यास कार्यक्रम

शैक्षणिक माहौल और सुविधाओं से कराया परिचय

अम्बेडकरनगर।  बीएनकेबी पीजी कॉलेज, अकबरपुर में बुधवार को बीए प्रथम सेमेस्टर के नवप्रवेशी छात्रों के लिए अभिन्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नए विद्यार्थियों को महाविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण, नियमों, उपलब्ध सुविधाओं और विभिन्न गतिविधियों से परिचित कराना रहा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य प्रो. शुचिता पांडेय ने की। उन्होंने नवप्रवेशी छात्रों का स्वागत करते हुए कहा कि महाविद्यालय केवल पढ़ाई का केंद्र नहीं, बल्कि व्यक्तित्व विकास, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी को विकसित करने का भी माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों को बीए पाठ्यक्रम के विभिन्न विषयों का गंभीरता से अध्ययन करने और नियमित रूप से शैक्षणिक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

महाविद्यालय के पांच स्तंभों पर दिया गया जोर

अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. सिद्धार्थ पांडेय ने कहा कि किसी भी महाविद्यालय की मजबूती उसके पांच प्रमुख स्तंभों—प्रबंधन समिति, प्राचार्य, शिक्षक, कर्मचारी और विद्यार्थियों—के बेहतर समन्वय पर निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि अभिन्यास कार्यक्रम नए छात्रों को महाविद्यालय की कार्यप्रणाली समझने और नए वातावरण में सहज होने का अवसर देता है।

उन्होंने छात्रों से नियमित उपस्थिति, अनुशासन और निरंतर अध्ययन को प्राथमिकता देने की अपील की।

पुस्तकालय, ई-लाइब्रेरी और छात्र कल्याण योजनाओं की जानकारी

भूगोल विभाग के सहायक आचार्य डॉ. कमल कुमार त्रिपाठी ने विद्यार्थियों को जिज्ञासु बने रहने और सीखने की निरंतर आदत विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने महाविद्यालय में उपलब्ध पुस्तकालय, ई-लाइब्रेरी, कंप्यूटर लैब, आईटी संसाधन, खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों की जानकारी दी।

इसके साथ ही छात्र कल्याण योजनाओं, छात्रवृत्ति संबंधी प्रावधानों और विभिन्न समितियों की भूमिका से भी विद्यार्थियों को अवगत कराया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button