हरिनाम संकीर्तन के बीच निकली भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा

शहर में उमड़ा श्रद्धा का जनसैलाब-सिटी पैलेस से शुरू हुई यात्रा, प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा भव्य रथ; जगह-जगह पुष्पवर्षा और आरती से हुआ स्वागत

अम्बेडकरनगर। भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा मंगलवार को शहर में धार्मिक उत्साह और पारंपरिक विधि-विधान के साथ निकाली गई। शहजादपुर नई सड़क स्थित सिटी पैलेस से शुरू हुई यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। हरिनाम संकीर्तन, मृदंग और करताल की धुन के बीच भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा के विग्रहों को भव्य रथ पर विराजमान कर नगर भ्रमण कराया गया।  पूजा-अर्चना और महाआरती के बाद श्रद्धालुओं ने रथ की डोर खींचकर यात्रा का शुभारंभ किया। इसके बाद जयघोष और भजन-कीर्तन के साथ रथयात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी।

भक्ति संगीत के साथ शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरा रथ

रथयात्रा सिटी पैलेस से निकलकर जेटली स्कूल, राम जानकी मंदिर मार्ग, लोहिया प्रतिमा, फव्वारा तिराहा और दोस्तपुर तिराहा होते हुए वापस सिटी पैलेस पहुंची।यात्रा के दौरान श्रद्धालु हरिनाम संकीर्तन करते हुए रथ के साथ चलते रहे। मृदंग और करताल की ध्वनि से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। बड़ी संख्या में लोगों ने मार्गों के किनारे खड़े होकर भगवान जगन्नाथ के दर्शन किए।

जगह-जगह स्वागत, लगाए गए सेवा शिविर

रथयात्रा के स्वागत के लिए शहर में कई स्थानों पर श्रद्धालुओं और सामाजिक संगठनों की ओर से व्यवस्था की गई थी। लोगों ने रथ पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया और आरती उतारी।गर्मी को देखते हुए कई स्थानों पर जल और शीतल पेय की व्यवस्था की गई। यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं को सेवा स्टॉल के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराया गया।

सिटी पैलेस में हुआ समापन, श्रद्धालुओं में बांटा गया महाप्रसाद

नगर भ्रमण के बाद रथयात्रा दोबारा सिटी पैलेस परिसर पहुंची। यहां यात्रा का समापन किया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण हुआ।महाप्रसाद लेने के लिए श्रद्धालुओं की कतार लगी रही। लोगों ने भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा के दर्शन किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button