पटाखों के भंडारण की खुली जांच, लाइसेंस से लेकर स्टॉक तक खंगाला

एसडीएम और सीओ की संयुक्त टीमों ने दुकानों-गोदामों में परखे सुरक्षा इंतजाम, अनियमितता मिलने पर कार्रवाई के निर्देश

अंबेडकरनगर। आतिशबाजी के अवैध भंडारण और अग्नि-विस्फोट के संभावित जोखिम को देखते हुए जिले में लाइसेंसधारकों की दुकानों और गोदामों का संयुक्त निरीक्षण कराया गया। जिलाधिकारी के निर्देश पर उपजिला मजिस्ट्रेट और पुलिस क्षेत्राधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में आतिशबाजी प्रतिष्ठानों की जांच में शामिल हुए।

निरीक्षण के दौरान लाइसेंस की वैधता और उसमें दर्ज निर्धारित स्थल की जांच की गई। अधिकारियों ने लाइसेंस में स्वीकृत मात्रा के अनुसार आतिशबाजी के भंडारण और मौके पर उपलब्ध स्टॉक का मिलान किया। इसके साथ ही दुकानों और गोदामों में निर्धारित सुरक्षा इंतजाम भी देखे गए।

अधिकारियों ने यह भी जांचा कि लाइसेंसधारक निर्धारित शर्तों और विस्फोटक संबंधी प्रचलित नियमों का पालन कर रहे हैं या नहीं। भंडारण स्थल और बिक्री व्यवस्था की भी पड़ताल की गई।

अधिक स्टॉक मिला तो होगी कार्रवाई

निरीक्षण में लाइसेंस में स्वीकृत मात्रा से अधिक आतिशबाजी मिलने, निर्धारित स्थल के अलावा कहीं और भंडारण किए जाने या अनधिकृत भंडारण और बिक्री की स्थिति में नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। सुरक्षा मानकों का उल्लंघन मिलने पर भी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को जनसुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आतिशबाजी के अवैध भंडारण, अनधिकृत बिक्री और नियमों के उल्लंघन के मामलों में नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button