शोर रोकने गए मणिपुर मूल के संगीतकार की पीट-पीटकर हत्या

7 आरोपी गिरफ्तार-आश्रम इलाके में हुआ विवाद

नई दिल्ली/इंफाल। दिल्ली के आश्रम इलाके में मणिपुर मूल के 54 वर्षीय संगीतकार चोंगथम विक्रम सिंह की पीट-पीटकर हत्या का मामला सामने आया है। घटना 6 सितंबर की रात करीब 11:30 बजे की बताई जा रही है। पुलिस ने मामले में 7 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है।

बताया गया है कि विक्रम सिंह अपने घर के नीचे डिलीवरी बॉय और एक स्थानीय ढाबे के कर्मचारियों के बीच हो रहे शोर और हंगामे का विरोध करने पहुंचे थे। इसी दौरान कहासुनी बढ़ गई।

घर के दरवाजे तक पहुंचे आरोपी

विक्रम सिंह की पत्नी जोशना के मुताबिक, शोर बंद करने की बात कहने के बाद विवाद बढ़ गया। आरोप है कि करीब 8 लोग उनके घर के दरवाजे तक पहुंच गए और विक्रम सिंह के साथ मारपीट करने लगे।

परिवार के सदस्यों ने किसी तरह दरवाजा खोला तो आरोपी वहां से भाग निकले। मारपीट के बाद विक्रम सिंह की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें सांस लेने में परेशानी होने लगी और उनका ब्लड प्रेशर तेजी से गिर गया।

अस्पताल में तोड़ा दम

परिजन विक्रम सिंह को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान 7 सितंबर की सुबह करीब 6 बजे उनकी मौत हो गई।

मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक नाबालिग भी शामिल है। पुलिस घटना के पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

परिवार ने कहा- बदला नहीं, न्याय चाहिए

घटना के बाद विक्रम सिंह के परिवार ने निष्पक्ष जांच की मांग की है। परिवार का कहना है कि वे किसी से बदला नहीं चाहते, बल्कि मामले में निष्पक्ष कार्रवाई और न्याय चाहते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button