अंबेडकरनगर। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की प्रस्तावित रथ यात्रा के रंग को लेकर शनिवार को अंबेडकरनगर में सियासत गरमा गई। कैबिनेट मंत्री और सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने रथ के भगवा रंग को लेकर अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भगवा रंग के जरिए सपा जनता को अपनी बदली हुई राजनीति का संदेश देने की कोशिश कर रही है।
राजभर ने सपा के पिछले शासनकाल का जिक्र करते हुए कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने गुंडागर्दी, माफियागिरी, गैंगवार, लूट, डकैती और हत्या जैसी घटनाओं के आरोप लगाए। इसके मुकाबले उन्होंने योगी सरकार में अपराधियों पर कार्रवाई किए जाने का दावा किया।
‘भगवा रंग से क्या संदेश देना चाहती है सपा’
राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव के रथ का बदला रंग केवल रंग परिवर्तन नहीं है। उनके मुताबिक इसके जरिए सपा अपनी राजनीतिक छवि में बदलाव का संदेश देने की कोशिश कर रही है। उन्होंने सपा शासनकाल में रामभक्तों पर गोली चलाए जाने की घटना का भी जिक्र किया।
यह भी पढ़े :https://www.tamsasanket.com/yogi-adityanath-lucknow-appointment-letter-818/
नीले साफे को लेकर भी साधा निशाना
राजभर ने अखिलेश यादव के नीले साफे को लेकर भी टिप्पणी की। उन्होंने इसे सपा सरकार के कुछ पुराने फैसलों और घटनाओं से जोड़ते हुए सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि रंगों के जरिए राजनीति का संदेश देने की कोशिश हो रही है।









