रातभर मेडिकल कॉलेज में भटकता रहा प्रसूता का परिवार

अर्नव अस्पताल में हुआ सुरक्षित प्रसव-कभी खून की कमी तो कभी प्लेटलेट्स कम होने की बताई गई बात, लखनऊ रेफर करने की दी गई सलाह; अर्नव हॉस्पिटल में महिला ने सामान्य प्रसव से बच्ची को दिया जन्म

अंबेडकरनगर। महामाया राजकीय एलोपैथिक मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में प्रसव के लिए पहुंची महिला के इलाज को लेकर परिजनों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। परिवार का कहना है कि पूरी रात कभी खून की कमी तो कभी प्लेटलेट्स कम होने की बात कहकर उन्हें इंतजाम के लिए दौड़ाया गया। बाद में ऑपरेशन में जोखिम बताते हुए महिला को लखनऊ रेफर करने की सलाह दी गई। इसके बाद परिजन उसे अकबरपुर-बसखारी मार्ग स्थित अर्नव मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल ले गए। वहां डॉ. संगीता सिंह ने सामान्य प्रसव कराया। महिला ने बच्ची को जन्म दिया। जच्चा-बच्चा दोनों सुरक्षित हैं।

मामला मिझौड़ा निवासी अलीम बाबा की पुत्री असरा का है। परिजनों के मुताबिक, बीती रात प्रसव पीड़ा होने पर वे असरा को मेडिकल कॉलेज के महिला रोग विभाग की इमरजेंसी में लेकर पहुंचे। भर्ती करने के बाद उसकी जांच की गई। परिवार का आरोप है कि चिकित्सकों ने खून की कमी बताते हुए तत्काल ब्लड की जरूरत बताई। परिजनों ने दो ब्लड डोनर की व्यवस्था कर दी।

इसके बाद प्लेटलेट्स कम होने की बात कही गई। परिजन प्लेटलेट्स के लिए मेडिकल कॉलेज के ब्लड बैंक पहुंचे तो उन्हें उपलब्धता नहीं होने की जानकारी दी गई। कथित तौर पर प्लेटलेट्स तैयार होने में शाम तक का समय लगने की बात भी बताई गई। इस बीच महिला प्रसव पीड़ा से परेशान रही।

परिजनों का आरोप है कि चिकित्सकों ने ऑपरेशन की जरूरत बताई, लेकिन इसमें जोखिम की आशंका भी जताई। इसके बाद लखनऊ के हायर सेंटर ले जाने की सलाह दी गई। परिवार ने लखनऊ जाने में असमर्थता जताते हुए स्थानीय निजी अस्पताल में इलाज कराने की बात कही। आरोप है कि इस पर इमरजेंसी में मौजूद महिला चिकित्सक ने नाराजगी जताई और परिजनों को खरी-खोटी सुनाई। परिवार मेडिकल कॉलेज की जांच रिपोर्ट लेकर वहां से निकल गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button