बार में अंधाधुंध फायरिंग, 17 की मौत

AK-47 और पिस्तौल से लैस आठ हमलावरों ने बाहर और अंदर मौजूद लोगों को बनाया निशाना, 15 घायल

जोहान्सबर्ग। दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग के दक्षिण-पश्चिम में स्थित वेडेला टाउनशिप में शनिवार रात एक बार में अंधाधुंध गोलीबारी से सनसनी फैल गई। हमले में 17 लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 लोग गोली लगने से घायल हुए हैं। मृतकों में 13 पुरुष और चार महिलाएं शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक घटना के बाद आरोपियों की तलाश के लिए बड़े पैमाने पर अभियान शुरू किया गया है। रविवार तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई थी।

बाहर बैठे लोगों पर पहले चलाई गोलियां

दक्षिण अफ्रीकी पुलिस के अनुसार, घटना शनिवार रात करीब 9:30 बजे गौतेंग प्रांत में हुई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक आठ अज्ञात हमलावर बार में पहुंचे। उन्होंने पहले बाहर बैठकर शराब पी रहे लोगों पर गोलीबारी शुरू की। इसके बाद हमलावर बार के अंदर घुसे और वहां मौजूद लोगों को भी निशाना बनाया। घटना में 17 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

AK-47 और पिस्तौल से लैस थे हमलावर

पुलिस ने बताया कि हमलावरों के पास AK-47 राइफल और पिस्तौल थीं। गोलीबारी के बाद उन्होंने कुछ लोगों की तलाशी ली और उनके मोबाइल फोन भी छीन लिए। इसके बाद सभी हमलावर दो अज्ञात गाड़ियों में बैठकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए जांचकर्ताओं और विशेष इकाइयों को अभियान में लगाया है। हमले की वजह अभी सामने नहीं आई है।

पुलिस ने हत्या और हत्या के प्रयास के केस दर्ज किए

स्थानीय रिपोर्ट के अनुसार पुलिस ने इस मामले में 17 हत्या और 15 हत्या के प्रयास के मामले दर्ज किए हैं। दो वाहनों को नुकसान पहुंचाने से जुड़े मामले भी दर्ज किए गए हैं। पुलिस संदिग्धों की पहचान और उनके भागने के रास्ते की जांच कर रही है।

यह भी पढ़े :https://www.tamsasanket.com/jaishankar-unga-terrorism-india-right-to-defend/

दक्षिण अफ्रीका में लगातार बढ़ रही मास शूटिंग की घटनाएं

यह घटना ऐसे समय हुई है जब दक्षिण अफ्रीका में गोलीबारी की कई बड़ी घटनाएं सामने आई हैं। पिछले कुछ दिनों में देश के अलग-अलग टाउनशिप में कई सामूहिक गोलीबारी की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। इसी दौरान केप टाउन के पास एक अन्य गोलीबारी में भी 10 लोगों की मौत और 11 लोगों के घायल होने की सूचना सामने आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button