लखनऊ। लगातार बारिश के बीच इकाना स्टेडियम के पास सीजी सिटी परियोजना में निर्माणाधीन सड़क का करीब 100 मीटर हिस्सा धंस गया। सड़क के किनारे मल्टीलेवल पार्किंग के निर्माण के लिए गहरा गड्ढा खोदा गया है। बारिश के बाद मिट्टी खिसकने से सड़क का एक हिस्सा गड्ढे की तरफ चला गया और डामर भी उखड़ गया।
पहले आई थी सड़क में दरार
अधिकारियों के मुताबिक, सड़क पर पहले ही दरार दिखाई देने लगी थी। एहतियात के तौर पर दरार वाले हिस्से को पॉलिथीन से ढक दिया गया था। लगातार बारिश के कारण आसपास की मिट्टी कमजोर हुई और सड़क का हिस्सा धीरे-धीरे पार्किंग के लिए खोदे गए गड्ढे की तरफ खिसक गया।
LDA ने लगाए ग्रीन नेट और बैरियर
सड़क के धंसने की सूचना के बाद लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने मौके पर सुरक्षा इंतजाम किए। प्रभावित हिस्से के आसपास ग्रीन नेट और लोहे के बैरियर लगाए गए हैं, ताकि लोग क्षतिग्रस्त हिस्से के पास न पहुंचें।
फिलहाल ट्रैफिक की आवाजाही नहीं
अधिकारियों ने बताया कि यह सड़क अभी निर्माणाधीन परियोजना का हिस्सा है और फिलहाल इस पर वाहनों की आवाजाही नहीं हो रही थी। इसी वजह से घटना के समय किसी वाहन के फंसने या जनहानि की सूचना नहीं है। प्रभावित हिस्से की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
बारिश थमने के बाद होगा आगे का काम
लगातार बारिश के कारण सड़क के आसपास की मिट्टी में नमी बढ़ने से धंसाव की स्थिति बनी है। परियोजना से जुड़े अधिकारी मौके की स्थिति का निरीक्षण कर रहे हैं। बारिश थमने के बाद सड़क और आसपास की मिट्टी की स्थिति का आकलन कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़े :https://www.tamsasanket.com/lucknow-head-constable-attack-chinhat/









