पिकेट ड्यूटी कर रहे हेड कांस्टेबल पर डंडे से हमला

गाली-गलौज के बाद दो बार वार का प्रयास, पुलिसकर्मी ने पीछे हटकर बचाई जान; आरोपी फरार

लखनऊ। चिनहट थाना क्षेत्र में शांति व्यवस्था के लिए पिकेट ड्यूटी कर रहे हेड कांस्टेबल पर एक युवक द्वारा डंडे से हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक ने पुलिसकर्मी से गाली-गलौज और अभद्रता की और डंडे से दो बार वार करने का प्रयास किया। पुलिसकर्मी के पीछे हट जाने से वह हमले की चपेट में आने से बच गए। इसके बाद आरोपी गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है।

मारपीट के बाद लगाई गई थी पिकेट

हेड कांस्टेबल अजय कुमार शुक्ला के मुताबिक, वह चिनहट थाना क्षेत्र में पिकेट ड्यूटी पर तैनात हैं। 23 सितंबर को हरदासी खेड़ा में उदय प्रताप मिश्रा और सचिन तिवारी पक्ष के बीच मारपीट हुई थी। इसके बाद इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अजय कुमार शुक्ला और एसआई संजीव कुमार को पिकेट एवं गश्त ड्यूटी पर लगाया गया था।

अकेले ड्यूटी कर रहे थे हेड कांस्टेबल

शाम के समय एसआई संजीव कुमार कुछ देर के लिए पिकेट स्थल से दूर गए थे। उस समय अजय कुमार शुक्ला अकेले कुर्सी पर बैठकर ड्यूटी कर रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान हरदासी खेड़ा निवासी राहुल तिवारी हाथ में डंडा लेकर वहां पहुंचा और हेड कांस्टेबल से गाली-गलौज करने लगा।

यह भी पढ़े :https://www.tamsasanket.com/lucknow-gomti-water-level-rises-barrage-gates-open/

डंडे से दो बार वार करने का आरोप

पुलिसकर्मी के मुताबिक, राहुल ने डंडे से उन पर दो बार वार करने का प्रयास किया। अजय कुमार शुक्ला पीछे हट गए, जिससे वह हमले से बच गए। आरोप है कि इसके बाद युवक ने उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।

साथी के पहुंचने से पहले फरार

स्थिति को देखते हुए हेड कांस्टेबल वहां से हट गए और उन्होंने घटना की जानकारी एसआई संजीव कुमार को दी। संजीव कुमार के मौके पर पहुंचने से पहले ही आरोपी वहां से फरार हो चुका था। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

मुकदमा दर्ज, गिरफ्तारी के प्रयास

चिनहट इंस्पेक्टर दिनेश मिश्रा के मुताबिक, मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों और पूरे विवाद की भी जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button