- 27 सितंबर को सार्वजनिक क्षेत्र और ग्रामीण बैंक खुले रहेंगे
- RBI ने शाखाओं, ATM-linked branches और करेंसी चेस्ट को मंजूरी दी
- 28 से 30 सितंबर तक तीन दिन की प्रस्तावित हड़ताल
- पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था की मांग को लेकर आंदोलन
लखनऊ। लगातार तीन दिन की प्रस्तावित बैंक हड़ताल से पहले ग्राहकों को राहत देने के लिए रविवार, 27 सितंबर को सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक सामान्य रूप से काम करेंगे। वित्त मंत्रालय के अनुसार, 28 से 30 सितंबर तक यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) की प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी हड़ताल को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। RBI ने 27 सितंबर को बैंक शाखाओं, कार्यालयों, ATM से जुड़ी शाखाओं और करेंसी चेस्ट को भी संचालित रखने की मंजूरी दी है।
आज निपटा लें जरूरी बैंकिंग काम
ग्राहक रविवार को बैंक शाखाओं में जाकर नकदी निकासी, चेक जमा करने और अन्य जरूरी बैंकिंग कार्य निपटा सकते हैं। सरकार का उद्देश्य लगातार आने वाली सप्ताहांत छुट्टी और तीन दिन की प्रस्तावित हड़ताल के कारण ग्राहकों को होने वाली परेशानी को कम करना है।
पांच दिन बैंकिंग समेत इन मांगों पर हड़ताल
बैंक कर्मचारी संगठन सप्ताह में पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की मांग कर रहे हैं। इसके तहत सभी शनिवार को अवकाश घोषित करने की मांग प्रमुख है। UFBU की प्रस्तावित हड़ताल 28 से 30 सितंबर तक चलेगी। सरकार के अनुसार PLI योजना को फिलहाल स्थगित करने का फैसला किया जा चुका है, जबकि पांच दिन की बैंकिंग व्यवस्था का मुद्दा अभी लंबित है।
28 से 30 सितंबर तक शाखाओं का काम प्रभावित हो सकता है
हड़ताल के दौरान बैंक शाखाओं में काउंटर से होने वाले नकदी लेनदेन, चेक क्लीयरेंस, ड्राफ्ट और पासबुक जैसी सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। हालांकि सेवाओं पर असर हड़ताल में कर्मचारियों की भागीदारी और बैंकवार स्थिति पर निर्भर करेगा। बैंक ग्राहकों को पहले से जरूरी काम निपटाने और डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।
यह भी पढ़े :https://www.tamsasanket.com/lucknow-ikana-road-collapse-cg-city/
UPI और इंटरनेट बैंकिंग का कर सकते हैं इस्तेमाल
हड़ताल के दौरान UPI, मोबाइल बैंकिंग और इंटरनेट बैंकिंग जैसी डिजिटल सेवाएं उपलब्ध रहने की उम्मीद है। हालांकि, बैंक शाखाओं से जुड़ी सेवाओं में व्यवधान होने पर कुछ लेनदेन प्रभावित हो सकते हैं। ग्राहकों को जरूरत के अनुसार ATM और डिजिटल बैंकिंग माध्यमों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।









